भीड़ बनी हत्यारी, बच्ची को अगवा करने की अफवाह फैला कर मारा था युवक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खजूरी खास इलाके में एक बच्ची की अपहरण की अफवाह के बाद युवक की पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद इश्तियाक के रूप में हुई है।
मरने वाले युवक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि खजूरी खास के ई ब्लॉक में कुछ लोग युवक की पिटाई कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
गुनाह जाने बिना ही भीड़ बन गई हत्यारी
जांच में पता चला कि युवक के गुनाह को जाने बिना ही लोगों ने उसकी पिटाई की है। कुछ लोग युवक पर बच्ची को अगवा करने का आरोप लगा रहे थे तो वहीं कुछ छेड़खानी कर भागने का आरोप लगाकर उसकी पिटाई कर रहे थे।
पुलिस ने आस पास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जिसमें पता चला कि एक बच्ची रो रही थी। इसी दौरान किसी ने अफवाह फैला दी कि युवक बच्ची को अगवा करने का प्रयास कर रहा था। युवक अपनी जान बचाने के लिए एक मकान में छिप गया। जहां से मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद इश्तियाक नाम के युवकों ने उसे पकड़ा और उसे रस्सी से बांधकर बाहर लाए। जहां युवक के गुनाह को जाने बिना ही लोगों ने उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी।
पुलिस ने इस बाबत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे पूछताछ कर मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही पुलिस मरने वाले युवक की पहचान करने में जुटी है।