शादीशुदा युवक ने खुद को अविवाहित बताकर प्रेमिका से रचाई शादी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना सेक्टर-18 क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक ने खुद को अविवाहित बताकर युवती से शादी कर ली। बाद में जब हकीकत से पर्दा उठा तो युवती ने युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।
पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार प्रेमिका मूलरूप से उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की रहने वाली है और काफी समय से गुड़गांव के एक कॉल सेंटर में काम कर रही है।
वहीं पर महाराजगंज का ही रहने वाला आलोक नामक युवक काम करता है। वर्ष 2013 में दोनों के बीच जान पहचान हुई और वे एक दूसरे के अच्छे दोस्त बन गए।
पीड़िता ने बताया है कि आलोक ने उसके सामने शादी करने का प्रस्ताव रखा। शादी के प्रस्ताव को युवती ने स्वीकार कर लिया।
युवक के हमेशा मोबाइल पर बात करने से हुआ शक
शहर के ही एक मंदिर में जाकर आलोक ने उससे शादी कर ली। इसके बाद दोनों सेक्टर-17 स्थित सुखराली गांव में बतौर पति-पत्नी रहने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि आलोक अपने मोबाइल से हमेशा किसी से बात करता था। जब उसे शक हुआ तो उसने हकीकत जाननी चाही।
पता चला कि युवक पहले से ही शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। सच्चाई सामने आने पर युवती ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस को दी। वहीं पुलिस के चंगुल में फंसते देख आरोपी युवक फरार हो गया है।
थाना सेक्टर-18 प्रभारी रामकुमार ने बताया कि पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत पर मामला दर्ज कर इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। युवती के पास शादी से संबंधित कोई दस्तावेज या फोटो आदि नहीं हैं, जिससे जांच में कुछ दिक्कतें आ रही हैं।