ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर युवक को उतारा मौत के घाट, कहीं वायरल वीडियो तो नहीं बना वजह
अमन विहार इलाके में मंगलवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त सोनू उर्फ काले (29) के रूप में हुई है। अज्ञात बदमाशों ने उसके सिर और पेट में बेहद करीब से तीन गोलियां मारी।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस हत्या का कारण रंजिश बता रही है। इस मामले में आधा दर्जन युवकों को हिरासत में भी लिया गया है। सोनू परिवार के साथ प्रेम नगर-1 में रहता था। इसके परिवार में पत्नी तीन बच्चों के अलावा अन्य सदस्य हैं।
सोनू दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मचारी था। मंगलवार शाम वह ड्यूटी से घर आ गया था। इस बीच अज्ञात लोगों ने उसे कॉल कर बुलाया। रात 9.30 बजे तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने सोनू को नांगलोई रेलवे स्टेशन के पास मंगल बाजार में गोलियां मार दी। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सोनू को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सोनू के साथियों ने बनाई थी पिटाई की वीडियो
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने पर सोनू व उसके दोस्तों ने एक युवक की कुछ दिनों पूर्व पिटाई की थी। युवक की पिटाई का सोनू के एक दोस्त ने वीडियो बना लिया था।
बाद में इसे सोशल साइट्स पर वायरल कर दिया था। इस बात से युवक व उसके साथी काफी खफा थे। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी का बदला लेने के लिए सोनू की हत्या की गई।