नौकरी दिलाने के नाम पर लूटे 2.5 लाख, धोखाधड़ी का मामला दर्ज
नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से धोखाधड़ी करने का मामला सेक्टर-50 थाना पुलिस ने दर्ज किया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने फोन पर बात कर इंटरव्यू में चयन होने के लिए कंपनी के दो बड़े अधिकारियों का नाम लेते हुए उनसे चार बार में करीब ढाई लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। अब वह न तो नौकरी दिला रहे हैं और न ही उनके रुपये वापस कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-46 निवासी तनवी शर्मा ने सेक्टर-50 थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उन्होंने परमानेंट जॉब नाम की कंसलटेंसी पर नौकरी के लिए आवेदन किया था।
कंसलटेंसी ने उन्हें एक लुब्रीकेंट कंपनी में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। इसकी एवज में उन्होंने 10 हजार रुपयों की डिमांड की। यह रुपये इंटरव्यू में चयनित होने के बाद देने थे।
पहला इंटरव्यू एचआर की ओर से लिया गया। इंटरव्यू लेने वाली महिला ने अपना नाम तान्या बख्शी बताया। इंटरव्यू के बाद उसे ईमेल प्राप्त हुई जिसमें उसका सेलेक्शन होने की बात कही गई। इसके साथ ही एक लिंक भेजा गया जिसके माध्यम से 10 हजार रुपये का भुगतान करने को कहा गया।
दूसरे राउंड में वेब के जरिए उनका इंटरव्यू 5 अगस्त को हुआ। यह इंटरव्यू अभिषेक मिश्रा द्वारा लिया गया। इस इंटरव्यू के बाद उनसे 30 हजार रुपये लिए गए। इसमें टैक्स जोड़ने के बाद कुल राशि उनसे 47,200 रुपये लिए गए। इसके बाद उक्त कंसलटेंसी ने उनसे अगले राउंड के इंटरव्यू के लिए उनसे 1.5 लाख रुपये की डिमांड की।
इस दौरान 10 अगस्त को उन्होंने उक्त लुब्रीकेंट कंपनी में पता किया तो पता लगा कि यहां कोई नौकरी के लिए इंटरव्यू नहीं चल रहे। इसके साथ ही दोनों ही व्यक्ति जिन्होंने इंटरव्यू लिया वे कंपनी के अधिकारियों का केवल नाम यूज कर रहे हैं। उन्होंने उससे धोखाधड़ी की है। इस पर पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई चंदगीराम ने बताया शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।