सांप दिखाकर महिला मैनेजर को लूटा!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजियाबाद में इंदिरापुरम के वैभव खंड स्थित विंडसर मार्केट के पास रीटेल स्टोर की मैनेजर से तीन सपेरों ने सांप से कटवाने का डर दिखाकर सोने की दो अंगूठियां लूट लीं।
एक सपेरे ने युवती का मुंह दबाया और दो ने सांप से डराकर उनकी अंगूठियां उतरवा लीं। इसके बाद बदमाश ऑटो में बैठकर भाग गए। हालांकि पुलिस ने ऑटो चालक की मदद से पांच घंटे में ही एक सपेरे को गिरफ्तार कर अंगूठियां बरामद कर लीं।
दिनदहाड़े हुई घटना से जहां युवती डरी सहमी हुई है वहीं पुलिस के होश भी उड़ गए।
एक ने मुंह दबाया दूसरे ने सांप दिखाया
शिप्रा सनसिटी निवासी गरिमा कौशिक वैभव खंड स्थित एक रिटेल शोरूम में मैनेजर हैं। शनिवार सुबह वह रिक्शे से शोरूम जा रही थीं। विंडसर मार्केट के सामने तीन सपेरों ने रिक्शा रोका और सांप को उसके करीब लाकर कटवाने की धमकी देते हुए अंगूठियां उतारने को कहा।
युवती ने विरोध किया तो पीछे से तीसरा सपेरा आया और उनका मुंह हाथ से पकड़कर बंद कर दिया। इसके बाद सांप से कटवाने का डर दिखाते हुए दोनों अंगूठियां उतरवा लीं और सामने खड़े ऑटो में बैठकर फरार हो गए।
युवती ने फोन कर भाई और पुलिस को घटना की जानकारी दी। एसआई धर्मेन्द्र राठौड़ ने ऑटो चालक राजू को ढूंढ निकाला। राजू ने बताया कि उसने तीनों को मयूर विहार के पास दिल्ली बॉर्डर पर छोड़ा था।
लूट के इन नए तरीकों से हैरान है पुलिस
ऑटो चालक ने यह भी बताया कि तीनों सपेरा बस्ती जाने की बात कह रहे थे। पुलिस ने सपेरा बस्ती में जाकर दबिश दी और एक आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक सांप और लूटी गई अंगूठियां भी बरामद कर ली गई हैं। दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। तीनों सपेरा बस्ती में ही रहते थे।
पिछले कुछ समय में ही चोरी और लूट के नए तरीके सामने आए हैं। सांप से डराकर लूट करने के अलावा, नशीला स्प्रे छिड़ककर घर में चोरी, गाड़ी के शीशे पर ठकठक कर ध्यान बंटाकर मोबाइल उड़ाना, ऑटो में सिगरेट का धुआं उड़ाकर लैपटॉप चुराना और दुकान में सामान दिखाने के बहाने कीमती सामान उड़ाना शामिल हैं।
सीबीआई अधिकारी बनकर महिलाओं से जेवरात उतरवाकर उनके साथ ठगी के मामले भी सामने आए हैं।