लॉ स्टूडेंट ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को उड़ाया, छात्र को रोकने की कर रहा था कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिविल लाइंस इलाके में मर्सिडीज कार हादसे को लोग अभी भूले भी नहीं थे, अब इसी तरह के एक मामले में मंगलवार को गीता कॉलोनी इलाके में होंडा सिटी कार से 18 साल के छात्र ने ट्रैफिक पुलिस के हवलदार को उड़ा दिया।
इंटरसेप्टर (वाहनों की गति मापने वाली वैन) के साथ ड्यूटी पर तैनात हवलदार योगेंद्र ने आरोपी निखिल को रोकने का प्रयास किया था। टक्कर लगने के बाद योगेंद्र करीब 10 फुट हवा में उछल गया। गंभीर हालत में उसे पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, अन्य पुलिसकर्मियों ने कार रोककर आरोपी निखिल कुमार (18) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा और चोट पहचाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
योगेंद्र गांधी नगर ट्रैफिक सर्किल में तैनात हैं
पुलिस के मुताबिक योगेंद्र गांधी नगर ट्रैफिक सर्किल में तैनात हैं। मंगलवार दोपहर को गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास वह ड्यूटी पर तैनात थे। योगेंद्र इंटरसेप्टर से करीब 300 मीटर आगे वाहनों को रोकने के लिए खड़े थे। दोपहर करीब 1:15 बजे तेज रफ्तार कार लेकर निखिल पुश्ता रोड पर पहुंचा।
इंटरसेप्टर से मैसेज मिलने के बाद योगेंद्र व अन्य ने निखिल की होंडा सिटी कार को रोकने का प्रयास किया। लेकिन बजाय कार रोकने के निखिल ने योगेंद्र को उड़ाकर भागने का प्रयास किया। टक्कर लगते ही योगेंद्र खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर गए।
बाकी पुलिसकर्मियों ने उनको अस्पताल पहुंचाया। इधर निखिल को काबू कर लिया गया। वारदात के समय निखिल ने शराब पी हुई थी या नहीं मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। निखिल परिवार के साथ गीता कॉलोनी इलाके में रहता है। वह साहिबाबाद के एक कॉलेज से लॉ द्वितीय वर्ष का छात्र है। वारदात के समय वह अपने दोस्त राहुल के साथ शकरपुर की ओर से पुश्ता रोड होते हुए गीता कॉलोनी लौट रहा था।