तहकीकात: सोशल मीडिया के जरिए चल रहा है देह व्यापार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खचाखच भरी मेट्रो, ऑफिस की थकान, व्यस्त जिंदगी और दिल्ली की भागदौड़। इस भागदौड़ के बीच हम रोजाना हजारों लोगों को देखते हैं अपने आसपास। कभी मेट्रो ट्रेन में तो कभी स्टेशन के बाहर। कभी पार्कों के सामने खड़ी गाड़ियों में। लेकिन हमें जरा भी इल्म नहीं होता कि इनमें से कोई सेक्स वर्कर या कॉलगर्ल या कॉलब्वॉय भी हो सकता है।
ऐसा भी होता है कि आप दिनभर सोशल मीडिया पर ऑनलाइन रहते हैं और अचानक आपके पास एक मैसेज आ जाए, 'आपकी व्यस्त जिंदगी और भागदौड़ से इतर हम आपको जन्नत की सैर कराएंगे और देंगे जीवन की सच्ची खुशियां। एक बार इस एहसास को महसूस तो करिए। क्या आप तैयार हैं? '
आपको ये जानकर हैरानी होगी कि आपके आसपास ऐसी-ऐसी हरकतें हो रही हैं, बड़े-बड़े सेक्स रैकेट चल रहे हैं लेकिन आपकी नजर उस पर नहीं जाती। यार-दोस्तों के साथ मौजमस्ती का जरिया बने फेसबुक, ट्विटर और वाट्सएप का एक ऐसा भयानक सच सामने आया है जो आपके भी होश उड़ा देगा।
फेसबुक और वाट्सएप की एक अलग दुनिया का सच
दिल्ली एनसीआर में देह व्यापार का धंधा इस कदर हावी हो गया है कि पुलिस भी इसे रोक पाने में नाकाम साबित हो रही है। आलम यह है कि पुलिस की पकड़ से बचने के लिए अब इंटरनेट पर धड़ल्ले से देह व्यापार किया जा रहा है जिसमें पूरी डील फाइनल कर रात में इन्हें दिल्ली के रास्ते गुड़गांव और अन्य शहरों तक ले जाया जाता है।
हाल ही में गुड़गांव में सेक्स रैकेट में पकड़ी गई कुछ लड़कियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि इंटरनेट के द्वारा उनकी डील हुई और उसके बाद निश्चित तारीख पर गुड़गांव आईं।
इसके बाद 'अमर उजाला' ने पूरे मामले की पड़ताल की तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। इंटरनेट पर ऐसी अनगिनत वेबसाइट और फेसबुक, ट्विटर अकाउंट बने हैं जिन पर युवा धड़ल्ले से फोटो के साथ उनके भाव कर रहे हैं।
इतना ही नहीं, वाट्सएप पर भी लोगों को फोटो और नंबरों के साथ कॉन्टैक्ट किया जाता है जिसमें डील फाइनल होने के बाद बतौर एडवांस पैसा लेकर वे निश्वित तारीख पर अपनी सर्विस देते हैं।
एक ग्राहक के पास भेजी जाती हैं 4 कॉलगर्ल
दिल्ली, गुड़गांव और नोएडा में चल रहे इन सेक्स रैकेटों का पूरा जाल सोशल मीडिया के जरिए ही बिछाया गया है। फेसबुक और ट्विटर पर ऐसे-ऐसे ग्रुप व पेज बने हुए हैं जिनमें खुलेआम न्यूड तस्वीरों के साथ विज्ञापन दिए जाते हैं।
यहां कॉलगर्ल की कीमत घंटों और 'शॉट' के आधार पर निश्चित की जाती है। सोशल मीडिया पर मिले फोन नंबरों पर कॉल करने के बाद उसे अटेंड करने वाले 'दलाल' बड़े ही प्रोफेशनल अंदाज में डील करते हैं।
आपकी मनचाही भाषा में बात करके ये आपके कंफर्ट का भी ख्याल रखते हैं। लिहाजा, समय, स्थान और पैसे को लेकर इनका नजरिया एकदम साफ होता है। हां सबसे खास बात ये है कि हर डील में ये लोग कई सारी च्वाइस भी देते हैं।
जैसे एक ग्राहक के पास चार से पांच लड़कियां भेजी जाती हैं और उनमें से जो सबसे बेहतर होती है उसे ग्राहक सेलेक्ट करता है। फोन पर बात करने वाले ये 'दलाल' ग्राहकों को जगह का विकल्प भी देते हैं। वो अपने निर्धारित स्थान पर ग्राहक को बुलाने के साथ ही उनके बताए स्थान पर भी कॉलगर्ल भेजते हैं।
ग्राहकों तक ऐसे भेजे जाती हैं कॉलगर्ल
सेक्स रैकेट चलाने वाले एक दलाल से जब बातचीत करने पर उसका पहला सवाल था कि आप कहां सेवा लेना चाहेंगे? हमारी जगह पर या अपनी? अगर ग्राहक उनके स्थान पर जाने को राजी होते हैं तो वे किसी उसे किसी मेट्रो स्टेशन या अन्य जगह पर बुलाते हैं और फिर कॉलगर्ल के पास अपनी गाड़ी से पहुंचाते हैं।
यही नहीं, अगर ग्राहक अपनी चुनी जगह पर बुलाता है तो ये लोग बाकायदा अपनी कार से कॉलगर्ल भेजते हैं। चार से पांच घंटे के लिए ये लोग 10 हजार से 15 हजार तक की डिमांड करते हैं।
एनसीआर में पब-बार से लेकर पॉश इलाकों में धड़ल्ले से देह व्यापार किया जा रहा है इसके बावजूद पुलिस उन तक पहुंच नहीं पा रही है। दिल्ली में जीबी रोड में रेड लाइट एरिया होने के साथ ही दूसरे इलाकों में भी धड़ल्ले से देहव्यपार हो रहा है। गुड़गांव में सिविल अस्पताल के आगे पूरे रास्ते पर वेश्यावृत्ति का खुला खेल चलता है। इसे लेकर प्रशासन आंख मूंदे हुए हैं।
दिल्ली के इन इलाकों में सक्रिय हैं रैकेट
दिल्ली में अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग रैकेट सक्रिय हैं, पूर्वी दिल्ली, लाजपत नगर, रोहिणी आदि इलाकों में देह व्यापार चल रहा है। यहां मौजूद एजेंट सोशल मीडिया के जरिए डील फाइनल करते हैं और इसके बाद निश्चित समय पर कॉलगर्ल को होटल या फिर तय जगह पर भेजते हैं।
फेसबुक पर बने तमाम ग्रुप और पेजों में कॉलगर्ल की तस्वीरों के साथ उनका रेट कार्ड भी दिया जा रहा है। यही नहीं, टाइमिंग के साथ पैसे का पूरी डीटेल और अन्य सारी जानकारियां भी दी जा रही हैं।
सोशल मीडिया पर मौजूद इन ग्रुप और पेजों पर दिल्ली एनसीआर के नामी होटलों का भी जिक्र किया गया है जहां कॉलगर्ल भेजी जाती हैं। साथ ही राजधानी के उन पॉश इलाकों की भी चर्चा है जहां ये रैकेट सक्रिय हैं।
कुछ कॉलगर्ल ऑनलाइन चैट और ईमेल चैट पर भी डील फाइनल करती हैं।
कॉलगर्ल भेजने से पहले होती है एड्रेस की पड़ताल
सेक्स रैकेट चलाने वाले ये दलाल ग्राहक का फोन आने पर उसके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी जुटाने की कोशिश करते हैं। जैसे वह कौन है, कहां रहता है, उसके घर का पता क्या है्? यानी जहां कॉलगर्ल को भेजना है उस जगह के बारे में अचदी तरह से छानबीन की जाती है।
ऐसा इसलिए किया जाता है ताकि बाद में किसी तरह की समस्या न हो और ट्रैप जैसा कोई झमेला न फंसे। कॉलगर्ल को लेकर आने वाले ड्राइवर को ही सारी पेमेंट करनी होती है जो काम होने के बाद कॉलगर्ल को लेने के लिए भी मौजूद रहता है।
इस पूरे धंधे के बीच कॉलगर्ल और दलाल दोनों ही अपनी पहचान और सुरक्षा के लिए सजग रहते हैं। कॉलगर्ल के विज्ञापनों मं इस बात का जिक्र होता है कि वह कॉलेज गर्ल, हाउस वाइफ या तलाकशुदा महिला हो सकती है। हालांकि ज्यादातर विज्ञापनों में कॉलेज गर्ल या कम की उम्र की लड़कियां भेजने पर ज्यादा जोर दिया जाता है।
इस पूरी पड़ताल में यह साफ है कि सेक्स का ये घिनौना खेल खुलेआम सबकी नजरों के सामने हो रहा है लेकिन पुलिस और प्रशासन चुपचाप हाथ पर हाथ रखे बैठा है और इस सबका तमाशा देख रहा है।
दिल्ली एनसीआर में अब तक पकड़े गए सेक्स रैकेट
-28 मार्च को गुड़गांव से कई लड़कियां गिरफ्तार
-02 अप्रैल को गुड़गांव में लेजरवैली ग्राउंड के पास से पांच लड़कियां गिरफ्तार
-19 अप्रैल को गुड़गांव के चकरपुर से चार लड़कियों को पकड़ा गया
-21 अप्रैल को गुड़गांव में पकड़ी गईं लड़कियां
-23 अप्रैल गुड़गांव में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
-5 मई गुड़गांव में सेक्स रैकेट का भंड़ाफोड़
-6 मई गुड़गांव में विदेशी कॉलगर्ल के रैकेट का खुलासा
-21 जुलाई गुड़गांव के एक होटल से एक विदेशी समेत 4 कॉलगर्ल पकड़ी गईं
-26 जुलाई फरीदाबाद में एक रिहायशी इलाके में सेक्स रैकेट का खुलासा
-22 जुलाई गुड़गांव में मसाज पार्लर के नाम पर सेक्स रैकेट का खुलासा
-5 सितंबर दिल्ली में बड़े रैकेट का खुलासा
-7 सितंबर को फरीदाबाद में मसाज पार्लर में पकड़ीं गईं 5 युवतियां
-10 सितंबर को दिल्ली में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़