हिस्ट्रीशीटर की गोलियों से भूनकर हत्या
ग्रेटर नोएडा के दादरी के नई बस्ती गांव में बाइक सवार तीन बदमाशों ने मकान के सामने खडे़ हिस्ट्रीशीटर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि दादरी कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती गांव में जितेंद्र उर्फ जीता अपने परिवार के साथ रहता था। जितेंद्र दादरी कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है।
उसके खिलाफ 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह बुधवार रात करीब नौ बजे अपने घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश आए। उनमें से एक ने नीचे उतरकर पहले जितेंद्र से बात की। उसके बाद अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
रंजिशन मारी गई थी गोली
गोली लगने से जितेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास से लोग मौके पर पहुंच गए। हमलावर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने घायल अवस्था में जितेंद्र को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भेजा। लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एसपी देहात डॉ. बृजेश कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुरानी रंजिश के चलते जितेंद्र की हत्या की गई है। पुलिस चार लोगों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।