एटीएम पर ठगी की शिकार बनी 10वीं की छात्रा ने दी जान, नहीं मिला सुसाइड नोट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
द्वारका नॉर्थ इलाके में 10वीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगा ली। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन परिजनों का कहना है कि सोमवार को एटीएम से पैसा निकालने के दौरान वह ठगी का शिकार हो गई थी। उसके बाद से ही वह तनाव में थी।
पुलिस के अनुसार, 15 वर्षीय किशोरी परिजनों के साथ भरत विहार में रहती है। वह छह बहनों में सबसे छोटी थी और हाल ही में 10वीं की परीक्षा दी थी। उसके पिता एक फैक्टरी में कार्यरत हैं और कुछ दिन से बीमार हैं।
सोमवार सुबह 11 बजे घर के पास स्थित एक एटीएम से उसने छह हजार रुपये निकाले थे। आरोप है कि इस दौरान एटीएम में दो युवक खड़े थे। उन्होंने किशोरी से निकासी की रसीद लेने को कहा। किशोरी ने कहा कि उसके पिता के मोबाइल पर मैसेज आ जाता है। इसके बावजूद युवकों ने कहा कि समय ठीक नहीं है। पैसा चेक कर रसीद ले ले।
2 बार में निकाले 22 हजार रुपये
मदद करने के बहाने युवकों ने किशोरी के कार्ड को एटीएम में डाला और रसीद निकालकर लौटा दिया। घर पहुंचने पर किशोरी को पता चला कि युवकों ने खाते से दो बार में 22 हजार रुपये निकाल लिए हैं। परिजन उसे लेकर द्वारका नॉर्थ थाने पहुंचे।
आरोप है कि पुलिस ने उसकी एफआईआर दर्ज कर ली, लेकिन मामले को काफी हल्के ढंग से लिया। किशोरी ने पुलिस को फुटेज लेकर जांच करने के लिए कहा, लेकिन पुलिस ने अपने तरीके से जांच की बात कही।
मंगलवार सुबह किशोरी बहन के साथ एटीएम पर पहुंची और गार्ड से फुटेज के बारे में पूछताछ की। उसके बाद वह घर लौटी और अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे पंखे से चुन्नी के बने फंदे पर लटके देखा।