पंजाबी गायक पर करता था गर्लफ्रेंड के साथ मनाली जाने के लिए पैसे जुटाने के लिए ऐसा गलत काम
द्वारका जिले के स्पेशल स्टाफ ने सेंधमारी करने वाले एक गिरोह का खुलासा कर पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया एक आरोपी पंजाबी गायक है। वह सेंधमारी की रकम से मनाली में गर्लफ्रेंड के साथ नए वर्ष का जश्न मनाना चाहता था।
पुलिस ने इनके पास से दो बाइक, दस चांदी के सिक्के और एक पहचान पत्र बरामद किया है। जिला पुलिस उपायुक्त शिबेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान नजफगढ़ निवासी राहुल, जितेंद्र, सूरज, निखिल और फैजान के रूप में हुई।
2 जनवरी को नजफगढ़ निवासी सुरेश कुमार ने अपने घर और भूतल पर बने जनरल स्टोर में चोरी होने की शिकायत की। उसने बताया कि चोर चांदी के सिक्के, सोने के गहने और कुछ सिगरेट के पैकेट ले गए हैं। इसी तरह 4 जनवरी को नजफगढ़ निवासी नवनीत ने भी घर में चोरी की शिकायत की।
चोरी की इन वारदात को देखते हुए स्पेशल स्टाफ को जांच की जिम्मेदारी दी गई। स्पेशल स्टाफ ने अपने मुखबिरों को सक्रिय किया। 14 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाशों को इलाके में घूमते हुए देखा गया था।
GF के साथ जाना चाहता था मनाली
पुलिस ने उन बदमाशों पर निगरानी रखनी शुरू कर दी। इसी बीच इन बदमाशों के नजफगढ़ इलाके में आने की जानकारी मिली। पुलिस की टीम ने बीडीओ कार्यालय के पास से दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों को दबोच लिया। इनके पास से बरामद बाइक नजफगढ़ इलाके से चुराई गई थी।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि जितेंद्र नौवीं पास है। पढ़ाई छोड़ने के बाद वह गाने लगा। अपने इलाके में वह पंजाबी के नाम से जाना जाता है। जरूरत बढ़ने के साथ ही वह झपटमारी और वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने लगा।
वह अपने दोस्तों व गर्लफ्रेंड के साथ मनाली में नव वर्ष की पार्टी मनाना चाहता था, इसलिए वह ताबड़तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। जितेंद्र पर पहले से 11 मामले दर्ज हैं, वहीं राहुल पर 6 और निखिल पर 13 मामले दर्ज हैं।