कार में घुसते ही फैशन डिजाइनर पर चाकू से हमला, पूर्व ड्राइवर पर पुलिस को शक
दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके मालवीय नगर में फैशन डिजाइनर पर चाकू से जानलेवा करने का मामला सामने आया। हमले का आरोप फैशन डिजाइनर के पूर्व ड्राइवर पर लगा है। आरोपी ने युवती को पार्किंग में बुलाया। जैसे ही युवती गाड़ी में घुसी आरोपी ने गाड़ी में घुसकर गले पर चाकू से कई वार कर दिया।
हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गया। युवती को साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मालवीय नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्जकर आरोपी ड्राइवर की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार ये घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे की है। कावेरी (26) अपनी मां रेखा के साथ मालवीय नगर के पॉश इलाके शिवालिक में रहती है। कावेरी ने करीब एक वर्ष पहले 10-15 साल की नौकरी के बाद ड्राइवर अनिल को नौकरी से उसके गलत आचरण के कारण निकाल दिया था।
कावेरी की गर्दन पर चाकू से कई वार किए
अनिल रविवार दोपहर को शिवालिक पहुंचा और कावेरी से पार्किंग में खड़ी उसकी कार को हटाने के लिए कहा। कावेरी जैसे ही कार के पास पहुंची और गाड़ी को हटाने के लिए कार के अंदर घुसी आरोपी अनिल भी गाड़ी पर घुस गया।
उसने कावेरी की गर्दन पर चाकू से कई वार किए। पड़ोस में रहने वाले अक्षय ने कावेरी को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। कावेरी का सोमवार शाम तक बयान नहीं हो सका था।
पुलिस का कहना है कि कावेरी के बयान के बाद ही आरोपी अनिल के बारे में कुछ पता लगेगा। पीड़ित परिवार ने नौकरी पर रखते समय आरोपी अनिल का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया था।
सोमवार देर शाम तक आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार नहीं किया जा सका था। कावेरी की मां का कहना है कि उसने अनिल को चिल्लाते हुए देखा था। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है।