केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव का ई-मेल हैक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव का ई-मेल हैक कर लिया गया। संयुक्त सचिव के अमेरिका के दौरे के दौरान हैकर ने उनके ई-मेल से परिचितों को मेल भेजकर अपने अकाउंट में रुपये मंगा लिए।
संयुक्त सचिव के नाम से भेजे गए मेल में हैकर ने यूके (यूनाइटेड किंग्डम) में बहन का इलाज करवाने और इसके लिए आर्थिक मदद करने की बात लिखी थी। मेल के झांसे में आकर एक अधिकारी ने बताए गए अकाउंट में 1.38 लाख रुपये जमा करा दिए।
विदेश दौरे से लौटने के बाद संयुक्त सचिव ने मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई।
आने लगे रिश्तेदारों के फोन
आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारियों के मुताबिक 15 जुलाई को संयुक्त सचिव डॉक्टर राकेश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने ई-मेल का अधिकारिक कार्यों के अलावा व्यक्तिगत कार्यों में इस्तेमाल करते हैं। बीते 24 जून से 29 जून के बीच वह मंत्रालय की ओर से अमेरिकी दौरे पर थे। इसी दौरान उनका ई-मेल हैक कर लिया गया।
ई-मेल मिलने के बाद उत्तराखंड में तैनात एक अधिकारी ने हैकर के बताए अकाउंट में 1.38 लाख रुपये जमा करा दिए। परिचितों ने जब उन्हें फोन कर बहन के स्वास्थ्य का हालचाल पूछा तब उन्हें मेल हैक होने की जानकारी मिली।
साइबर सेल के अधिकारियों का कहना है कि जिन अकाउंट नंबरों पर रुपये मंगाए गए हैं, उसकी जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि इन अकाउंट से किसने रुपये निकाले हैं।