घर बैठे ऑनलाइन काम के नाम पर युवती से ठगी, 21 हजार जमा करवाने के बाद बंद किए मोबाइल
शाहदरा में एक युवती ने क्विकर जॉब्स के जरिए वर्क फ्रॉम होम नौकरी ढूंढी। घर बैठे उसे काम दे दिया गया। एक सप्ताह नौकरी करने के बाद युवती ने अपने पैसे मांगे तो उसे ऑन लाइन कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कहा गया। पीड़िता ने ऐसा ही किया।
बाद में उससे दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 21 हजार रुपये की मांग की गई। युवती ने रुपये भी जमा करवा दिए। इसके बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ तो उसने शाहदरा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक तनु मित्तल परिवार के साथ ज्योति कालोनी में रहती है। ग्रेजुएशन के बाद वह घर पर ही थी। तनु ने सोचा कि घर बैठे ही कुछ काम किया जाए। इसको लेकर तनु ने क्विकर जॉब्स पर नौकरी ढूंढी। अपनी मर्जी के अनुसार उसे नौकरी मिल भी गई।
घर बैठे उसे कुछ ऑनलाइन काम करने के लिए कहा गया। उससे कहा कि एक सप्ताह बाद उसके खाते में सैलरी आ जाएगी। तनु ने खूब मेहनत से एक सप्ताह काम किया। इसके बाद उसने दिए गए नंबरों पर कॉल कर काम के बारे में सूचित कर अपना वेतन मांगा।
आरोपियों ने उससे कुछ औपचारिकताएं पूरी करवाईं। इसके बाद उससे 21 हजार रुपये की मांग की गई जिसे बाद में वापस करने के लिए कहा गया था। वह उनके झांसे में आ गई।
युवती से रुपये मिलने के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। काफी प्रयास करने के बाद जब आरोपियों से संपर्क नहीं हुआ तो पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी।