बदमाशों ने आम लोगों पर बरसाई गोलियां, बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के पतला खेड़ा गांव में ग्रामीणों और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग के बाद बदमाश चोरी किए पशुओं को छोड़ कर भाग गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी लेकिन कुछ दूरी पर ही तैनात पीसीआर ने तेल खत्म होने का बहाना बनाया।
इसके विरोध में सोमवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने बिलासपुर तिराहे पर जाम लगा दिया और करीब दो घंटे तक यातायात को अवरुद्ध रखा। ग्रामीणों ने पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खोला गया।
रविवार रात पतला खेड़ा गांव निवासी सुमन के घर से चोर दो पशुओं को ट्रक में चढ़ा रहे थे। उसी समय सुमन जाग गई और उसने शोर मचा दिया, शोर सुनकर चोर चोरी किए पशुओं को छोड़कर भागने लगे।
वहीं लोगों ने पीसीआर को सूचना दी, लेकिन पुलिस कर्मियों ने गाड़ी में ईंधन न होने का बहाना बनाते हुए मदद करने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने बिलासपुर चौकी पर सूचना दी लेकिन पुलिस भी देरी से आई।
उधर, बदमाशों ने खुद को घिरते हुए देखा तो ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी। इस पर ग्रामीणों ने भी जवाबी फायरिंग कर दी। सोमवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने खेरली नहर तिराहे पर जाम लगा दिया। हालांकि बाद में अधिकारियों द्वारा पीसीआर कर्मियों के निलंबन के आश्वासन पर करीब दो घंटे के बाद जाम खुल सका।
क्रिकेट मैच के बीच फायरिंग
ग्रेटर नोएडा के दनकौर के दौला रजपुरा में क्रिकेट के विवाद में बच्चों के दो गुट भिड़ गए। बात बड़ों में पहुंच गई और देखते ही देखते दो गुटों में लाठी-डंडे चल गए। विवाद बढ़ता गया और फिर हवाई फायरिंग तक हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
दौला-रजपुरा गांव में सोमवार शाम को बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। एंपायर बने बच्चे ने बल्लेबाजी कर रहे बच्चे को आउट करार दे दिया। इसी बात को लेकर पहले तो बच्चों के बीच में मारपीट हो गई और फिर दोनों परिवारों के बीच बात पहुंच गई।
पहले तो दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर दोनों पक्षों में पथराव और लाठी-डंडे चल गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान फायरिंग भी हुई। घटना की जानकारी मिलने पर दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के अजहरुद्दीन, अनीस, नईमुद्दीन और कय्यूब को गिरफ्तार कर लिया है।