एम्स के कुक की पिटाई कर बदमाशों ने की लूटपाट
शाहदरा इलाके में तीन बदमाशों ने एम्स अस्पताल के कुक की पिटाई कर लूटपाट की। तीन बदमाश उससे नकदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गये। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित के बताए हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार यादव कुमार (35) सपरिवार गांव भहटा, लोनी गाजियाबाद में रहता है।
वह एम्स अस्पताल में बतौर कुक काम करता है। गत 2 अगस्त की रात वह काम खत्म करने के बाद मेट्रो ट्रेन से शाहदरा स्टेशन पहुंचा। वहां से वह बाइक लेकर वह घर के लिए रवाना हुआ।
मारपीट के बाद सब कुछ लूट ले गए बदमाश
शाहदरा त्रिकोना पार्क के पास वह बाइक रोककर पेशाब करने लगा। इसी दौरान तीन युवक आए। एक ने पीछे से गर्दन दबा दी और तीनों उसकी पिटाई करने लगे।
इसी दौरान बदमाशों ने उसके जेब से पर्स और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गये। राहगीर की मदद से पीड़ित ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन की और लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बदमाश उससे सात हजार रुपये, मोबाइल फोन, बाइक की आरसी और दो एटीएम कार्ड लूट लिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित के बताए हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान की कोशिश की जा रही है।