{"_id":"68d0a05c301d959ccb0f1d66","slug":"crime-capital-delhi-a-young-man-died-in-a-knife-fight-between-two-groups-2025-09-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Crime Capital Delhi: दो गुटों के बीच चाकूबाजी में युवक की मौत, पैसे के लेनदेन में गोली मारकर हत्या; खून बहाया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Crime Capital Delhi: दो गुटों के बीच चाकूबाजी में युवक की मौत, पैसे के लेनदेन में गोली मारकर हत्या; खून बहाया
Mon, 22 Sep 2025 06:33 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 22 Sep 2025 06:33 AM IST
सार
शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों गुटों के बीच काफी अरसे से विवाद चल रहा था।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बवाना जेजे कॉलोनी में शनिवार रात को दो गुटों में हुई चाकूबाजी में मोहम्मद राजा उर्फ बादशाह नाम के युवक की मौत हो गई। मोहम्मद अकबर नाम का युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल के बयान के आधार पर नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने हत्या, हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा है जबकि भागे हुए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 20 सितंबर की रात करीब नौ बजे दो गुटों के बीच चाकूबाजी होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल मोहम्मद राजा और मोहम्मद अकबर को महर्षि वाल्मीकि अस्पताल ले जाया गया है। वहां पता चला कि मोहम्मद राजा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। उसके सिर और कमर पर चाकू के कई वार किए गए थे। घटनास्थल पर क्राइम व फोरेंसिक टीम को बुलाकर पुलिस ने वहां से कई साक्ष्य जुटाए।
विज्ञापन
शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों गुटों के बीच काफी अरसे से विवाद चल रहा था। शनिवार रात बात इतनी बढ़ गई और दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमला कर दिया। परिवार वालों का आरोप है कि हमला मनीष गैंग के बदमाशों ने की है। मनीष इलाके में अपना गिरोह चलाता है। मनीष ने अपने तीन से चार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीम गठित कर दी गई है।
विज्ञापन
गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
वारदात के खिलाफ भारी संख्या में लोग शनिवार दोपहर तीन बजे बवाना मुख्य सड़क पर पहुंचे आैर शव रखकर हंगामा किया। लोगों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
मृतक का पिता जेल में बंद
मृतक राजा पत्नी और तीन बेटों के साथ बवाना में रहता था। वह मूलत: पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। स्थानीय लोगों ने बताया कि राजा के पिता अभी जेल में बंद हैं। पुलिस मृतक के आपराधिक रिकार्ड की भी जांच कर रही है।
पैसे के लेनदेन में गोली मारकर युवक की हत्या
इंद्रपुरी थाना इलाके में शनिवार देर रात करीब 12.00 बजे अज्ञात हमलावरों ने बक्करवाला निवासी संजीत नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि संजीत का इलाके में रहने वाले किसी व्यक्ति से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद था। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
शनिवार रात एफ ब्लॉक इंद्रपुरी में गोली चलने की सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके पर युवक खून से लथपथ मिला। पुलिस उसे तुरंत पास के अस्पताल में ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि संजीत शनिवार को इंद्रपुरी इलाके में आया था। उसका यहां रहने वाले एक युवक से पैसे को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों वहां से चले गए। कुछ देर बाद आरोपी का संजीत से सामना हुआ तो उसने सीने में गोली मार दी।
फुटबॉल खिलाड़ी, बॉक्सर समेत तीन को चाकू मारा
दक्षिण पूर्व दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में शनिवार रात लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने फुटबॉल खिलाड़ी भविष्य उर्फ नकुल (20) और चचेरे भाई बॉक्सर तक्ष (18) समेत तीन को चाकू मार दिया। दरअसल सड़क से गुजर रहे मिट्ठू (22) नाम के युवक से बदमाशों ने मोबाइल फोन लूट लिया। मिट्ठू के शोर मचाने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। चचेरे भाई बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने नाबालिग समेत दो आरोपियों को दबोच लिया जबकि दो आरोपी भाग गए।
चाकू लगने की सूचना पर पुलिस पहुंची तो मौके पर पकड़े गए आरोपी आकाश उर्फ बच्चा और नाबालिग को पुलिस के हवाले कर दिया गया। तीनों घायलों को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि शनिवार रात करीब 10.15 अमर कालोनी थाना पुलिस को कुछ लोगों को चाकू से घायल करने की सूचना मिली थी।
भविष्य गढ़ी मेन मार्केट में रहता है और एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र है। वह मसूरी स्थित अपने स्कूल में राज्य स्तर पर फुटबॉल खेलता था। इसका चचेरा भाई कॉलेज में है और बॉक्सर है। रविवार को उसका ट्रायल था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी आकाश के खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं।