लॉकडाउन के दौरान बेजुबान पक्षियों-जानवरों का भर रहे पेट, पिला रहे पानी
राजधानी की कई जगहों पर पक्षियों के लिए दाने के साथ-साथ पानी भी रखा जा रहा है। साथ ही संगठन गरीब लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का भी काम कर रहा है।
देश की राजधानी दिल्ली में सैकड़ों स्थानों पर लोग पक्षियों को दाना डालने का काम करते है। आम दिनों में कई स्वयं सेवी संस्थाएं भी पक्षियों के दाना-पानी की व्यवस्था करती हैं। लेकिन ल़ॉकडॉउन के बाद पक्षियों के सामने दाना पानी का संकट खड़ा हो गया है।
अब आरएसएस के कार्यकर्ता रोहिणी, द्वारका, नरेला, कंझावाला, महरौली, साकेत, लाजपतनगर, करोलबाग, क्नॉट प्लेस, साउथ एक्स, आरके पुरम, नीतिबाग, पटेलचौक, शिवाजी स्टेडियम, मंदिर मार्ग और बाराखंबा रोड जैसे अनेक स्थानों पर पक्षियों को दाना डाल रहे हैं। इन जगहों पर मिट्टी के पात्रों में पानी भी रखा जा रहा है।
दिल्ली के प्रांत प्रचार प्रमुख रितेश अग्रवाल ने बताया कि उनके स्वयं सेवक रोज सुबह पक्षियों के लिए दाना पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। कुछ लोग फोन कर भी कुछ जगहों पर जानवरों और पक्षियों के लिए भोजन की कमी की जानकारी दे रहे हैं।
इन सभी जगहों पर उनके लोग पहुंचकर दाना-पानी उपलब्ध कराते हैं। दानास्थल पर बने पानी के स्थान की सफाई करके वहां रोज ताजा पानी भी पक्षियों के लिए भरा जाता है।
रितेश अग्रवाल ने बताया कि लॉकडाउन की अवधि के दौरान उनके स्वयं सेवक सड़कों पर घूमने वाली गायों और गोवंश के लिए हरे चारे की व्यवस्था भी कर रहे है और दिल्ली में 50 से अधिक स्थानों पर गायों को हरा चारा डाला जा रहा है।
लॉकडाउन की अवधि के दौरान पक्षियों, गायों और स्ट्रीट डॉग के लिए दाना, चारा और खाने की व्यवस्था स्वयं सेवक करते रहेंगे। इस दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन भी किया जा रहा है।