अमित शाह से मिलने का खामियाजा भुगत रही कांग्रेस नेत्री!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा की मुख्य संसदीय सचिव शारदा राठौर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भाजपा में जाने की अटकलों के बीच अब कांग्रेसी उनके खिलाफ मुखर होने लगे हैं। वह चाहते हैं कि शारदा को टिकट न मिले।
सोमवार को बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सभी प्रमुख दावेदार दिल्ली के पंत मार्ग स्थित मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे। यहां पर कांग्रेसियों ने कहा कि सीएम साहब! शारदा को छोड़ किसी को भी टिकट दे दो, उन्हें मंजूर होगा। वह लोग शारदा राठौर के लिए काम नहीं कर सकते।
सूत्रों का कहना है कि रविवार को तिगांव विजय रैली के दौरान दावेदारों ने शारदा राठौर की शिकायत की थी। इस पर सीएम ने उन्हें सोमवार को बुलाया था। मिलने वालों में किसान नेता सतवीर डागर, डिप्टी मेयर राजेंद्र भामला, पार्षद राजेंद्र अग्रवाल, राजा नाहर सिंह के वंशज सुनील तेवतिया, सीमा जैन, रेनू चौहान, रेखा चौधरी और रामनिवास राठी शामिल रहे।
भाजपा में नहीं गली दाल!
डागर का कहना है कि शारदा राठौर भाजपा के संपर्क में हैं। वह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलकर आई हैं। जब वहां उनकी दाल नहीं गली तो अब वह कांग्रेस का टिकट चाहती हैं। ऐसे में कार्यकर्ता उनका विरोध करेंगे। डिप्टी मेयर राजेंद्र भामला ने बताया कि उन्होंने सीएम को याद दिलाया कि राठौर पानीपत रैली में नहीं गईं।
नगर निगम सभागार के कार्यक्रम में नहीं पहुंचीं और तिगांव रैली में भी नहीं आईं। इसका मतलब साफ है कि उन्हें पार्टी से कोई लगाव नहीं रह गया है। ऐसे में उन्हें टिकट नहीं मिलना चाहिए।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री ने दावेदारों की शिकायत पर गौर करने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि शनिवार को जब नगर निगम सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने शारदा का बचाव किया था।
उन्होंने कहा था कि अभी शारदा राठौर का न तो इस्तीफा आया है और न ही उनके किसी और पार्टी में ज्वाइन करने की खबर है। इस बारे में शारदा राठौर का पक्ष लेने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उनकी टिप्पणी नहीं मिल सकी।