महिला जिमनास्ट से बदसलूकी में कोच गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महिला जिमनास्ट के साथ बदसलूकी के आरोप में आईपी इस्टेट थाना पुलिस ने कोच को गिरफ्तार कर लिया है। कोच मनोज राणा दस दिन पूर्व एशियन गेम्स में शामिल होकर लौटा था। पुलिस दूसरे आरोपी और खिलाड़ी चंदन पाठक की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार महिला खिलाड़ी सपरिवार दरियागंज इलाके में रहती है। वह प्रैक्टिस के लिए इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में जाती है। सितंबर में स्टेडियम में इंचियोन में होने वाले गेम्स में शामिल होने वाले भारतीय जिम्नास्टिक दल का कैंप लगा था।
महिला खिलाड़ी ने आरोप लगाया था कि 2 सितंबर को इंडोर स्टेडियम में कोच मनोज राणा और खिलाड़ी चंदन पाठक ने उसके साथ बदसलूकी की। इसकी जानकारी उसने अधिकारियों को दी, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उसके बाद 16 सितंबर को उसने आईपी इस्टेट थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले में आरोपी एक अन्य जिमनास्ट की तलाश
इसी दौरान कोच और खिलाड़ी एशियन गेम्स में शामिल होने के लिए इंचियोन चले गए। जिसकी वजह से पुलिस की जांच प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। पुलिस के मुताबिक दस दिन पूर्व दोनों आरोपी भारत लौटा।
इस जानकारी के बाद आईपी इस्टेट पुलिस ने मंगलवार को कोच मनोज राणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक भारत लौटने के बाद दूसरा आरोपी चंदन पाठक अपने गांव चला गया है। पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी है।