दिल्ली: CM की कुर्सी पर बैठते ही रेखा गुप्ता के बयान ने बढ़ाई केजरीवाल की टेंशन, बोलीं- 'देना होगा हिसाब'
Rekha Gupta: विकसित दिल्ली का जो वादा किया है उसको पूरा करेंगे। एक भी दिन व्यर्थ नहीं किया जाएगा।
विस्तार
दिल्ली में नई सरकार का गठन हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट ने गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ ली। उसके बाद पूरा कैबिनेट दिल्ली सचिवालय में अपने अपने पद संभालने के लिए पहुंचा। इस सबके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला।
लोगों को लिए खुला है सीएम दफ्तर
रेखा गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को एक-एक पैसा का हिसाब देना होगा। अपनी सरकार को लेकर बोलीं, विकसित दिल्ली का जो वादा किया है उसको पूरा करेंगे। एक भी दिन व्यर्थ नहीं किया जाएगा। दिल्ली के लोगों से अपील करते हुए कहा कि सीएम का दफ्तर उनके लिए खुला है। 5 बजे हम यमुना आरती के लिए जाएंगे। 7 बजे कैबिनेट की बैठक होगी। उसमें मिलकर एजेंडा तय करेंगे।
दिल्ली की नई सरकार में मुख्यमंत्री के साथ छह मंत्रियों ने भी शपथ ली। प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज दिल्ली में कैबिनेट मंत्री बने।
1. प्रवेश वर्मा
सीएम की रेस में रहने वाले नई दिल्ली से विधायक चुने गए प्रवेश वर्मा को भी दिल्ली की नई कैबिनेट में शामिल किया गया है। नई दिल्ली सीट पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा सीएम की रेस में सबसे आगे थे।
2. कपिल मिश्रा
कपिल मिश्रा को भी दिल्ली की नई कैबिनेट में शामिल किया गया। करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा ने भी आज मंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने करावल नगर से दूसरी बार जीत हासिल की है। भाजपा से पहले वह आम आदमी पार्टी में भी रह चुके हैं।
3. आशीष सूद
रेखा गुप्ता के साथ आशीष सूद ने भी आज मंत्री पद की शपथ ली। आशीष सूद जनकपुरी से चुनाव जीते हैं। वे पहली बार विधायक बने हैं। इससे पहले आशीष पार्षद रहे हैं। वे भाजपा के गोवा व जम्मू कश्मीर के प्रभारी भी हैं। सूद पंजाबी समाज से आते हैं। प्रदेश भाजपा नेतृत्व भी पंजाबी समाज से ही है।
4. मनजिंदर सिंह सिरसा
मनजिंदर सिंह सिरसा को भी दिल्ली की नई कैबिनेट में शामिल किया गया। वह राजौरी गार्डन से विधायक हैं। तीसरी बार विधायक बने सिरसा दिल्ली में भाजपा का सिख चेहरा हैं। साल 2021 में मनजिंदर सिंह सिरसा शिरोमणि अकाली दल से भाजपा में शामिल हुए थे।
5. पंकज सिंह
विकासपुरी से जीत हासिल करने वाले विधायक पंकज सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली। पंकज सिंह एमसीडी में भी अहम पदों पर रह चुके हैं। वह दांतों के डॉक्टर हैं। उनकी पत्नी रश्मि कुमारी भी डेंटिस्ट हैं। पंकज के पास बीडीएस की डिग्री है।बिहार के बक्सर के रहने वाले पंकज सिंह विकासपुरी से जीतकर पहली बार विधायक बने हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के महेंद्र यादव को हराया।
6. रविंद्र इंद्राज
रेखा गुप्ता के साथ रविंद्र इंद्राज भी शपथ ली। उनका नाम भी मंत्री पद की शपथ लेने वालों में शामिल है। वह बवाना सुरक्षित सीट से पहली बार विधायक बने हैं।
-मनीष सिसोदिया के कमरे में प्रवेश वर्मा बैठेंगे। यह कमरा 6 छठे फ्लोर पर है।
-स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज वाला कमरा मंत्री आशीष सूद को मिला।
-गोपाल राय वाला रूम मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह को मिला।
-मुकेश अहलावत का कमरा मंत्री रविन्द्र सिंह इंद्रराज को मिला।
-इमरान हुसैन के कमरे में मंत्री कपिल मिश्रा बैठेंगे।
-रघुवेन्द्र शौकीन के कमरे में मंत्री मजिंदर सिंह सिरसा बैठेंगे।
रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर
रेखा गुप्ता का राजनीतिक करियर प्रभावशाली रहा है। भाजपा में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य उन्होंने किया है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के साथ ही नगर निगम चुनावों में भाजपा की ओर से महापौर पद की उम्मीदवार भी थीं। राजनीतिक यात्रा दिल्ली विश्वविद्यालय से शुरू हुई, जहां उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ में महासचिव रहीं। इसके बाद उन्होंने भाजपा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए पार्टी में उच्च पदों तक का सफर तय किया और एक अनुभवी नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.