ठुल्ला कहने पर कांस्टेबल ने सीएम केजरीवाल पर ठोका मुकदमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा पुलिसकर्मियों को ठुल्ला कहने पर दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल ने मानहानि की याचिका दायर की है।
याची ने आरोप लगाया कि हाल ही में एक साक्षात्कार के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों को ठुल्ला कहा, इससे उनकी मानहानि हुई है।
गोविंदपुरी थाने में तैनात कांस्टेबल हरविंद्र ने साकेत अदालत में दायर याचिका में कहा कि केजरीवाल की टिप्पणी से वह अपमानित महसूस कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों को नीचा दिखाने के लिए ठुल्ला शब्द का प्रयोग किया है जो आम लोगों की नजर में अपमानजनक है। इस प्रकार की टिप्पणी से आम लोगों, उनके परिवार, रिश्तेदारों व मित्रों की नजर में उसकी प्रतिष्ठा कम हुई है।
'सीएम ने शालीनता की हदें पार की'
केजरीवाल ने जानबूझ कर पूरी दिल्ली पुलिस फोर्स का अपमान करने व उनको उत्तेजित करने के लिए इस प्रकार की टिप्पणी की है। केजरीवाल भारत की राजधानी के मुख्यमंत्री पद पर हैं और यह पद संवैधानिक है।
ऐसे में उनके द्वारा इस प्रकार ठुल्ला कहने से आम लोगों की नजर में पुलिस के प्रति गलत प्रभाव पड़ेगा। मुख्यमंत्री द्वारा पुलिसकर्मियों के प्रति इस तरह के अपमानजनक शब्द का उपयोग करना शालीनता की सभी हदें पार कर गया है।
उसने पुलिस आयुक्त, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग व गोविंदपुरी थाने में 19 जुलाई को इस संबंध में शिकायत भी दी है। याची ने कहा कि जब से उसने साक्षात्कार देखा है कि वह उच्च रक्तचाप और चक्कर से पीड़ित है। उसे मानसिक आघात लगा है। ऐसे में केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा चलाया जाए।