बाइकर्स का आतंकः आधे घंटे में दो की चेन लूटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाइकर्स ने शहर में पुलिसिंग की हवा निकाली हुई है। गश्त और चेकिंग के बावजूद बाइकर्स लगातार स्नैचिंग कर रहे हैं, उन्होंने महिलाओं का घर से निकलना दूभर कर दिया है।
सोमवार को कविनगर थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर और संजयनगर में आधे घंटे के भीतर स्नैचिंग की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया। संजयनगर में दरोगा की पुत्रवधू को झपटमारों ने निशाना बनाया, जबकि शास्त्रीनगर में प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी को। वारदात के बाद से दोनों महिलाएं सहमी हुई हैं।
वारदात-1
संजयनगर में दरोगा की पुत्रवधू को धक्का देकर चेन लूटी
संजयनगर सेक्टर-23 में सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे बाइकर्स ने बाजार से लौट रही नेहा सक्सेना को धक्का देकर चेन लूट ली। वे सड़क पर गिर गई। गनीमत रही कि उन्हें चोट नहीं आई। नेहा संजयनगर पी-ब्लाक में रहती हैं।
प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती हैं। उनके ससुर यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर और अलीगढ़ में तैनात हैं। नेहा के पति नितिन ने कंट्रोल रूम में फोन कर वारदात की जानकारी दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। नेहा ने बताया कि वे घर के नजदीक पहुंच चुकी थी, तभी बाइक सवार बदमाश आए और वारदात की।
गिरने की वजह से वे बाइक का नंबर नोट नहीं कर सकी। इस संबंध में देर रात तक कविनगर थाने में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई थी। सूत्रों का कहना है कि नेहा के ससुर पुलिस विभाग में तैनात होने की वजह से एफआईआर नहीं कराई गई है।
वारदात-2
शास्त्रीनगर में प्रापर्टी डीलर की पत्नी से चेन लूटी
शास्त्रीनगर ई-ब्लाक में सोमवार शाम करीब सात बजे बाइकर्स ने प्रीति यादव से चेन लूट ली। इस बाबत कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मनीष यादव ने बताया कि वह चिरंजीव विहार में रहते हैं।
नोएडा में प्रापर्टी डीलर हैं। वे पत्नी के साथ कार से साप्ताहिक बाजार गए थे। शास्त्रीनगर ई-ब्लाक के पास डुप्लेक्स मार्केट के सामने कार खड़ी की। उनकी पत्नी कार से उतरीं ही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाश उनकी चेन लूटकर भाग गए।
वारदात इतनी जल्द हुई कि वे बाइक का नंबर भी नोट नहीं कर सके। इस दौरान लोगों का हुजूम लग गया। कविनगर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।