दिल्ली: घिटोरनी के इम्पीरिया होटल में कसीनो का पर्दाफाश, पुलिस ने मौके से 58 लोगों को किया गिरफ्तार
वसंत कुंज के घिटोरिनी में स्थित इम्पेरिया होटल में छापा मारकर पुलिस ने रविवार रात अवैध रूप से चल रहे कसीनो का पर्दाफाश किया है। इस मामले में कसीनो संचालक सहित 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें होटल मैनेजर के अलावा पार्टी के बहाने होटल बुक कर कसीनो चलाने वाले दो आरोपी भी शामिल है, जबकि एक फरार है।
मौके से 11 लाख रुपये नकद, कसीनो खेलने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले छह हजार टोकन (84 लाख रुपये की कीमत के), 65 मोबाइल, पांच टेबल, तीन कार्ड व सात फ्लेवर वाले हुक्के बरामद किए गए हैं। दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी देवेन्द्र आर्या ने बताया कि वसंतकुंज (साउथ) थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि महरौली-गुरुग्राम रोड, घिटोरनी में स्थित इम्पीरिया होटल में अवैध तौर पर कसीनो चल रहा है। इस पर वसंतकुंज (साउथ) थानाध्यक्ष संजीव कुमार की देखरेख में तैयार टीम ने रात को होटल के बेसमेट में दबिश दी। इस दौरान वहां कसीनो खेलते हुए 58 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
इनके खिलाफ दिल्ली पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में पता चला कि महरौली निवासी साजिद (35), वसंतकुंज निवासी दिनेश कुमार उर्फ भक्ते (40) और जगजीत उर्फ जग्गी इस कसीनो को चला रहे थे। जगजीत की तलाश की जा रही है, वह गिरोह का मास्टरमाइंड है। साजिद जिम चलाता है और दिनेश कुमार के शराब का ठेका है। इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों ने कसीनो चलाने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बना रखा था और इसे खेलने वाले लोगों को इसमें जोड़ा हुआ था।
पार्टी के बहाने बुक करते थे फार्महाउस
आरोपी पार्टी के बहाने होटल व किसी फार्महाउस को बुक करते थे। आरोपियों ने व्हाट्सएप ग्रुप में होटल का नाम नहीं दिया था। इन्होंने सभी को होटल से करीब 200 मीटर दूर एक जगह पर बुलाया था। इसके बाद एक-एक करके होटल में गए थे। इम्पीरिया होटल में पहली बार कसीनो खेला गया था। डीसीपी का कहना है कि होटल प्रशासन के खिलाफ शर्तों का उल्लंघन करने की कार्रवाई की जाएगी। होटल की लाइसेंस प्रक्रिया के तहत जुआ खेलना प्रतिबंध है।
होटल प्रशासन को थी जानकारी
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होटल प्रशासन को बेसमेंट में कसीनो खेले जाने की जानकारी थी। इस कारण होटल के मैनेजर व सिक्यूरिटी इंचार्ज को गिरफ्तार किया है। सभी को सोमवार शाम कोर्ट में पेश किया, जहां से जमानत पर छोड़ दिया गया।
मोबाइल लोकेशन भेजकर बुलाते थे
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीनों आरोपी अपने-अपने जानकार को कसीनो खेलने के लिए बुलाते थे। ये लोगों को मोबाइल लोकेशन भेजते थे। कसीनो खेलने वाली जगह से कुछ दूर बुलाते थे और वहीं की मोबाइल लोकेशन भेजते थे। इसके बाद अपने साथ होटल या फार्महाउस में ले जाते थे। एक खेल होने के बाद व्हाट्सएप ग्रुप से चैट को डिलीट कर देते थे। पुलिस बरामद किए गए मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजेगी।
दिल्ली-एनसीआर में खेलाते थे कसीनो
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी दिल्ली-एनसीआर में लोगों को कसीनो खिलाते थे। ये ज्यादातर गुरुग्राम में पार्टी आयोजित करते थे। घिटोरनी स्थित इम्पीरिया होटल में इन्होंने पहली बार कसीनो का आयोजन किया था।