{"_id":"66377d54fdcb779eb2043687","slug":"car-collides-with-auto-in-palwal-one-person-dead-and-others-injured-2024-05-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Accident: कार ने ऑटो में मारी टक्कर, पति की मौत व पत्नी समेत अन्य लोग घायल; सत्संग में जा रहा था पूरा परिवार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Accident: कार ने ऑटो में मारी टक्कर, पति की मौत व पत्नी समेत अन्य लोग घायल; सत्संग में जा रहा था पूरा परिवार
Sun, 05 May 2024 06:06 PM IST
श्याम जी.
संवाद न्यूज एजेंसी, पलवल
संवाद न्यूज एजेंसी, पलवल
Published by: श्याम जी.
Updated Sun, 05 May 2024 06:06 PM IST
सार
पलवल में तेज रफ्तार कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो में एक परिवार के कई सदस्य सवार होकर सत्संग में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। वहीं, अन्य लोग घायल हैं।
विज्ञापन
कार ने ऑटो में मारी टक्कर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ऑटो में सवार होकर सत्संग में शामिल होने जा रहे परिवार को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर फुलवाड़ी मोड़ के पास हुए हादसे में ऑटो पलट गया, जिसमें पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पत्नी की हालत गंभीर होने के चलते हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
विज्ञापन
सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार होडल निवासी राजेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे उसके पिता दयानंद (55), मां राजवती, पुष्पेंद्र, डोली, प्रार्थना व अन्य ऑटो में सवार होकर गांव धौलागढ़ में सत्संग सुनने के लिए जा रहे थे। ऑटो को पुष्पेंद्र चला रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गांव बामनीखेड़ा पुल उतरते ही फुलवाड़ी मोड़ के समीप पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो ने तीन बार पलटी खाई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया और ऑटो में सवार सभी सवारियां घायल हो गईं।
विज्ञापन
घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने उसके पिता दयानंद को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी मां राजवती की हालत गंभीर होने के कारण दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं, पुष्पेंद्र, प्रार्थना व डोली का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन