{"_id":"738dbccd22874e88f5c832ac89311ab6","slug":"car-accident-on-highway-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"तेज रफ्तार कार का पहिया निकला, फिर...","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तेज रफ्तार कार का पहिया निकला, फिर...
ब्यूरो/अमर उजाला, नोएडा
Updated Sun, 19 Oct 2014 10:27 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर शनिवार दोपहर दनकौर स्थित नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के पास तेज रफ्तार वैगनआर का पहिया निकल गया और कार गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार भाई-बहन की मौत हो गई जबकि परिवार के अन्य सात सदस्य घायल हो गए। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह घायलों को कार के नीचे से निकाल कर कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया। सभी लोग दिल्ली से दनकौर शादी में शरीक होने के लिए जा रहे थे।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि मूलत: दिल्ली के मौजपुर-जाफराबाद निवासी भूरे खां की शादी दनकौर में हुई थी। भूरे खां के साले वीरू की रविवार को शादी होनी थी और उसमें शरीक होने के लिए भूरे खां शनिवार सुबह अपने दोनाें बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दिल्ली से ग्रेनो-दनकौर के लिए रवाना हुए। परीचौक से उन्होंने सर्विस रोड का रूट ले लिया। जब उनकी कार दनकौर के नजदीक नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के पास पहुंची तो अचानक कार का पिछला पहिया निकल गया जिससे कार असंतुलित होकर कई बार पलटते हुए एक गड्ढे में जा गिरी। हादसे में घायलों की मची चीखपुकार सुनकर आसपास के लोगों ने कार को गड्ढे से निकालने का प्रयास किया लेकिन लोग कामयाब नहीं हो पाए।
विज्ञापन
थक हारकर ग्रामीणों ने हाईवे कर्मचारियों को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से निकालकर ग्रेनो के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर भूरे खां की बेटी शहनाज (15) और बेटे समीर (8) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मोफीसा, रफीक, अफसर, समद, फाजिद और ऐश की हालत नाजुक बताई जा रही है। कैलाश अस्पताल से सभी घायलों को दिल्ली रेफर कर दिया गया है।
विज्ञापन
पहली बार हुई पहिया निकलने से दुर्घटना
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे हो या फिर यमुना एक्सप्रेसवे इन रास्तों पर पंचर होने या टायर फटने से तो हादसे होते रहे हैं। लेकिन चलती कार का पहिया निकलने से हादसा पहली बार हुआ है। इस हादसे से पुलिस और परिजन दोनों हतप्रभ हैं। घटना कैसे हुई इसे सोचकर सभी परेशान हैं।
आधे घंटे तक फंसे रहे कार के नीचे
गड्ढे में कार गिरने से सभी लोग कार के नीचे दब गए थे। घायल होने से कोई भी सही तरह से हाथ-पैर नहीं चला पा रहे थे। शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया तो करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि कार का पहिया निकलने से हादसा हुआ है, जिसमें बहन-भाई की मौत हुई है। हो सकता हो कि दिल्ली से चलने के बाद टायर में कहीं पंचर हुआ हो। पंचर लगाने के बाद पहिये को पूरी तरह से टाइट नहीं किया गया होगा, जिससे चलती कार का पहिया निकल गया। दूसरी स्थिति ये हो सकती है कि पहिये के सभी स्टड खराब हो गए हों या फेल हो गए हों। बहरहाल पुलिस जांच करा रही है कि आखिर हादसा कैसे हुआ है।