महीने के आखिर तक फरीदाबाद में दौड़ सकती है मेट्रो
सब कुछ ठीकरहा तो इस महीने के अंत तक शहरवासियों को मेट्रो रेल का तोहफा मिल जाएगा। इस बाबत बुधवार को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट के अतिरिक्त मुख्य सचिव पी. राघवेन्द्र राव ने डीएमआरसी अधिकारियों के साथ कार्यों का जायजा लिया और शेष रह गए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बदरपुर बार्डर से एस्कॉर्ट्स-मुजेसर मेट्रो रेलवे ट्रैक और सेक्टर-28 व ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष बचे हुए फिनिशिंग के कार्य को भी वे तेजी से पूरा कराएं, ताकि इस माह के अंत में फरीदाबाद के लोगों को भी मेट्रो सुविधा मिलनी शुरू हो जाए।
उन्होंने वाईएमसीए से बल्लभगढ़ तक बनने वाली मेट्रो रेलवे लाइन में प्रस्तावित एनसीबी व बल्लभगढ़ स्टेशन के निर्माण कार्य की स्थिति का भी जायजा लिया।
शहर में नजर आएगा बदलाव
इसके लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण एवं ट्रांसफर कार्य को पूरा करने हेतु हुडा के भूमि अधिग्रहण कार्यालय के कानूनगो तीरथ व पटवारी विजेन्द्र को आदेश दिए कि इस संबंध में तुरंत रिपोर्ट तैयार करके 15 जून तक चंडीगढ़ भिजवाएं।
ट्रैक के बीच में हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटवाने, पेड़ों को कटवाने तथा एनएचएआई के निर्माणाधीन सिक्सलेनिंग कार्य में तालमेल करके ट्रैक को निर्बाध रूप से बनवाने के संबंध में एक समन्वय समिति गठित करने के बारे भी निर्देश दिए।
राव ने कहा कि समिति को एक सप्ताह के दौरान सभी बाधाओं का समाधान निकाल दिया जाना चाहिए। बाद में राव ने सेक्टर-15ए स्थित जिमखाना क्लब में बैठक भी ली।