{"_id":"ed7f786073b9e28a7eecd07ad08e32df","slug":"business-man-murder-in-faridabad-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी को उतारा मौत के घाट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी को उतारा मौत के घाट
ब्यूरो/अमर उजाला, फरीदाबाद
Updated Tue, 29 Sep 2015 07:08 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना सेक्टर-7 क्षेत्र में सोमवार रात नकाबपोश दो बदमाशों ने एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना के समय युवक अपने दोस्त के साथ पैदल अपनी दुकान की ओर जा रहा था।
विज्ञापन
पुलिस के डर से बेखौफ बदमाश घटना को अंजाम देकर पैदल ही फरार हो गए। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मृतक गौरक्षा दल का सदस्य भी था। दल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
विज्ञापन
घटना सोमवार रात करीब 9:25 बजे की है। 24 वर्षीय हरवीर अपने परिवार के साथ सेक्टर-3 में रहता था। परिवार का वह अकेला लड़का था। परिवार में माता-पिता व हरवीर की दो बहनें हैं जिनकी शादी हो चुकी है।
विज्ञापन
हरवीर की करीब आठ माह पहले ही शादी हुई थी। उसका परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश के भिंड के रानीपुरा का रहने वाला है। उसकी सेक्टर-7 क्षेत्र में मिलन रेस्टोरेंट के पास जूते की दुकान है।
वह प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करता था। उसका सेक्टर-16 सब्जी मंडी में प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस भी है। घटना के समय हरवीर के साथ मौके पर मौजूद उसके दोस्त ब्रजेश ने बताया कि वह हरवीर के साथ किसी काम से गया था।
रात करीब सवा नौ बजे दोनों सेक्टर-7 में हरवीर की दुकान की ओर पैदल लौट रहे थे। इसी दौरान दुकान से थोड़ी दूरी पर ही सामने से दो युवक आए, उन्होंने अपने मुंह कपड़े से ढके हुए थे।
ब्रजेश के मुताबिक दोनों युवक पास आए और उसे धक्का मार कर दूर हटा दिया। इससे पहले की वह और हरवीर कुछ समझ पाते, एक युवक ने हरवीर के सीने में गोली मार दी और दोनों हमलावर मौके से पैदल ही फरार हो गए।
एक दुकानदार ने अपनी कार में हरवीर को निकट के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
रुपयों के लेन देन के विवाद की आशंका
हरवीर की हत्या के पीछे रुपयों के लेनदेन के विवाद की आशंका जताई जा रही है। भोला राम उर्फ श्यामवीर के मुताबिक उसके रिश्तेदार हरवीर ने राकेश चोपड़ा से पहले एक दुकान किराये पर ले रखी थी।
इसकी पगड़ी के एवज में करीब 75 हजार रुपये दिए थे। आरोप है कि दुकान छोड़ने के बाद भी दुकान मालिक ने अभी तक पगड़ी की पूरी रकम हरवीर को नहीं लौटाई थी। इस पर हरवीर ने दुकान में अपना ही ताला लगा रखा था।
भोला के मुताबिक हरवीर प्रॉपर्टी का भी काम करता था। उससे संबंधित भी उसके करीब 18-20 लाख रुपये कुछ लोगों पर बकाया हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि रुपयों के लेनदेन को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
घटना के बाद परिजनों ने शक के आधार पर कृष्ण गोपाल खटाना, अजय हुडा, राकेश चौपड़ा और पंकज बुखारपुरिया पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस बारे में थाना सेक्टर-7 एसएचओ इंस्पेक्टर संदीप का कहना है कि परिजनों ने शक के आधार पर जिन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, उनकी तलाश की जा रही है। अन्य कुछ लोगों से भी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरक्षा दल ने दी प्रदर्शन की चेतावनी
मृतक हरवीर गौरक्षा सेवा समिति का सदस्य भी था। वह दल के साथ मवेशी तस्करों को पकड़ने के लिए छापेमारी में भी सक्रिय रहता था। गौरक्षा सेवा समिति के प्रधान जय प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि इस घटना से समिति के सभी सदस्य आहत हैं। वह बहुत सक्रिय सदस्य था।
घटना के बाद समिति के सदस्य पुलिस के आला अधिकारियों से भी मिले हैं। भारद्वाज का कहना है कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इसके बावजूद समिति ने चेतावनी दी है कि यदि हत्यारों को पकड़ने में देरी हुई तो सदस्य सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे।