{"_id":"a1407fe1663b5c7fe36d20da00f86cc8","slug":"bsp-leader-s-murder-scene-1","type":"story","status":"publish","title_hn":"कातिलों ने धमकाया था अर्थी को कंधा मत देना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कातिलों ने धमकाया था अर्थी को कंधा मत देना
अमर उजाला, लोनी
Updated Tue, 18 Feb 2014 01:36 AM IST
विज्ञापन
लोनी में रहने वाले बसपा नेता को मौत के घाट उतारने वाले कातिल मृतक के गांव में पहुंच गए थे, जहां ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए उन्होंने अर्थी को कंधा देने वालों को भी मौत के घाट उतारने की धमकी देकर लोगों में दहशत फैला दी है।
विज्ञापन
बता दें कि गढ़ के गांव आलमनगर में रहने वाले तनसुख जाटव के बेटे मदनपाल की 19 जनवरी 2013 को कुछ लोगों ने घर से बुलाकर हत्या कर दी थी, जिसका शव अगले दिन तालाब में पड़ा मिला था।
विज्ञापन
जिस पर पिता ने गांव में ही रहने वाले चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था, जिनमें तीन को पुलिस ने दबोचकर जेल भेज दिया था। परंतु चौथा आरोपी ओमपाल अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है।
विज्ञापन
छोटे भाई की हत्या के मामले को लेकर अदालत में चल रहे केस की लोनी में रहने वाला बड़ा भाई डॉ. अमरपाल पैरवी कर रहा था। जिसे लोनी महोत्सव से वापिस लौटते समय लोनी में शनिवार की देर शाम को हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया था।
हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रात को गांव आलमनगर में कुछ लोगों ने 20 राउंड से भी अधिक गोलियां चलाकर मृतक के परिवार समेत ग्रामीणों में बड़े स्तर पर दहशत फैला दी थी।
जिन्होंने मृतक की अर्थी को कंधा देने वालों को भी मौत के घाट उतारने की धमकी दी थी, जिससे बुरी तरह भयभीत मृतक के परिजनों ने शव को गांव में लाने की बजाए पोस्टमार्टम के बाद लोनी में ही दाह संस्कार कर दिया था।
बसपा नेता के हत्यारों पर 5000 का इनाम
बसपा नेता डॉ. अमरपाल को सरेशाम मौत के घाट उतारने वाले आरोपियों पर एसएसपी ने पांच हजार का इनाम रखा है। इससे पहले एसएसपी ने थाने में पहुंचकर बसपा नेता के भाई डा. नेपाल से मिले और उन्हें आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।
हत्या से दुखी बसपा कार्यकर्ताओं ने रविदास जयंती भी नहीं मनाई। एसएसपी धर्मेंद्र सिंह सोमवार दोपहर लोनी थाने पहुंचे। उन्होंने बसपा नेता के भाई डा. नेपाल की सुरक्षा के लिए दो पुलिस कर्मी तथा घर की सुरक्षा के लिए भी तीन पुलिसकर्मी भी तैनात कर दिए हैं।
एसएसपी का कहना है कि कई पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं, लेकिन अभी सफलता नहीं मिली है। एसएसपी का कहना है कि हत्यारों को पकड़वाने वाले को पांच हजार इनाम दिया जाएगा।
शव को कंधा दिया तो भून दिए जाओगे
डा. नेपाल ने बताया कि उनका पूरा परिवार लोनी में है। रविवार सुबह उनके पैतृक गांव आलमनगर में हत्यारोपी ओमपाल ने उनके मोहल्ले मेें हवाई फायरिंग कर लोगों को धमकी दी है कि अगर किसी ने अमरपाल के शव को कंधा दिया तो उसे भी गोलियों से भून दिया जाएगा।
नहीं मनाई गई रविदास जयंती
शोक में डूबे जाटव समाज ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत रविदास जयंती नहीं मनाई। सोमवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास एवं डा बीआर अंबेडकर एकता मंच के कार्यकर्ताओं ने गिरी मार्किट कॉलोनी में बैठक के बाद यह निर्णय लिया। मंच के महासचिव पवन राणा ने बताया कि बसपा नेता की निर्मम हत्या के बाद समस्त समाज में भारी शोक व्याप्त है।
गोलियों से छलनी कर दिया था
शनिवार शाम जीवन गेट के पास बाइक सवार बदमाशों ने बसपा के पूर्व जिलासचिव डा अमरपाल की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी।
वह अपने छेाटे भाई मदनपाल की हत्या के मुकदमे की पैरवी कर रहे थे तथा केस में गवाह भी थे। हत्यारोपी बसपा नेता एवं उनके छोटे भाई नेपाल को जान से मारने की धमकी देकर फैसले का दबाव बना रहे थे।
पिता ने छोटे बेटे के हत्यारे ओमपाल, विवेक, केशव, नानक एवं उनके साथी लखपथ के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।