जब महिला सांसद को मिले अश्लील MMS
राजधानी दिल्ली में आम जनता ही नहीं जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं। सांसदों के घर चोरी की घटना के बाद अब एक महिला सांसद को अश्लील मेसेज भेजने का मामला सामने आया है।
राजस्थान की महिला सांसद को अश्लील एमएमएस भेजे जा रहे हैं। एसएमएस के साथ ही सांसद के पास अश्लील कॉल भी आ रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त एसबीएस त्यागी ने बताया कि महिला सांसद की शिकायत पर तुगलक रोड थाना पुलिस ने अश्लील एमएमएस भेजने और धमकी देने का मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
देर रात को आते हैं अश्लील फोन
पुलिस के अनुसार संतोष अहलावत राजस्थान के झुंझूनू से भाजपा सांसद हैं। तुगलक रोड थाना पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने कहा है कि वह संसद सत्र में शामिल होने के लिए नौ जुलाई को दिल्ली आई थीं। तब से वह राजस्थान भवन में ठहरी हुई हैं।
दिल्ली में रहने के दौरान उनके मोबाइल फोन पर लगातार अश्लील संदेश भेजे जा रहे हैं। जिस नंबर से अश्लील संदेश भेजे जा रहे हैं उसी नंबर से सुबह और देर रात को फोन भी किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एसएमएस में उन्हें धमकी भी दी गई है। पुलिस फिलहाल मोबाइल डिटेल खंगाली जा रही है।