सरकार गठन से पहले ये है भाजपा का प्लान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मंगलवार को पहली बार दिल्ली के सातों सांसदों के साथ एक बैठक की। बैठक में तय किया गया कि जब तक दिल्ली में सरकार नहीं बन जाती, दिल्ली के सांसद अपनी निधि से विकास कार्य कराने पर विशेष ध्यान देंगे।
मंगलवार को प्रदेश प्रभारी प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, सांसद महेश गिरि, मीनाक्षी लेखी, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा और उदित राज के साथ प्रदेश कार्यालय में एक बैठक हुई। इसमें सरकार बनाने की संभावनाओं के साथ ही दिल्ली के विकास कार्य पर चर्चा हुई।
प्रदेश नेताओं की जोड़तोड़ कर सरकार बनाने की कवायद के बीच पार्टी ने दिल्ली में विकास कार्य कर जनता के बीच अपनी अच्छी छवि पेश करने की रणनीति तैयार की है।
विधायकों को भी मिली नसीहत
पार्टी सूत्रों का कहना है सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के साथ भाजपा के सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। बैठक में सरकार बनाने को लेकर चर्चा के साथ ही उन्हें भी अपने फंड से अपने-अपने क्षेत्र के विकास में खर्च करने की नसीहत दी जाएगी।
उधर, मंगलवार को प्रदेश भाजपा की साप्ताहिक बैठक भी हुई। इसमें प्रदेश प्रभारी प्रभात झा, सभी जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित थे। यहां संगठन कार्य को गति देने पर बातचीत हुई।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक अन्य बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और गुजरात के नवनियुक्त राज्यपाल प्रो. ओमप्रकाश कोहली का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर प्रो. कोहली ने कहा कि भाजपा की सक्रिय राजनीति से जुड़कर उन्होंने हमेशा पार्टी को गति प्रदान करने के लिए काम किया है।