बिजली संकट पर ये क्या बोल गए बीजेपी सांसद!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र में बीजेपी की सरकार बनने के बाद अब बीजेपी नेताओं की जुबान लगातार फिसल रही है। लोकसभा के अंदर हो या बाहर मोदी के सिपाही अपनी जुबान पर लगाम नहीं लगा पा रहे हैं और जाने अंजाने ऐसी बातें कह जाते हैं जिससे सरकार की किरकिरी होती है।
दिल्ली की जनता बिजली और पानी के बिना तड़प रही है और राजनीतिक पार्टियां अपनी सियासी रोटियां सेंकने में जुटी हुई हैं। यही नहीं, दिल्ली की जनता ने जिन नेताओं को चुनकर संसद तक पहुंचाया अब वही उन्हें झटका दे रहे हैं।
दक्षिणी दिल्ली से बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी गुरुवार को राजधानी में बिजली संकट के मुद्दे पर मीडिया से रुबरू हुए तो उनकी जुबान फिसल गई।
पढ़िए, बीजेपी सांसद ने क्या कहा?
कुछ न्यूज चैनलों के सवाल पर सांसद रमेश विधूड़ी ने कहा कि बीजेपी दिल्ली में बिजली संकट दूर करने के लिए पूरा प्रयास कर रही है। आने वाले दो हफ्तों में इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
यही नहीं, रमेश बिधूड़ी ने मोदी सरकार का बचाव करते हुए कहा कि अभी हमारी सरकार बने कुछ ही दिन हुए हैं। अब ऐसा तो नहीं हो सकता कि बेटे की शादी करके लाओ और फिर चार दिन में पोता भी चाहिए।
बीजेपी सांसद के इस बयान के बाद अब राजधानी का सियासी तापमान एक बार फिर गरम हो रहा है।
कांग्रेस का प्रदर्शन जारी
राजधानी में आए बिजली संकट के खिलाफ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केंद्र में यूपीए और दिल्ली में कांग्रेस की सरकार के रहते यहां कभी बिजली का संकट नहीं पैदा हुआ।
कांग्रेस ने इस संकट के लिए बीजेपी और आप को जिम्मेदार ठहराया है।
बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस के विधायक और नेता पिछले तीन दिनों से लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार को भी कांग्रेस ने इसे जारी रखने का ऐलान किया है।