भाजपा नेता की फिसली जुबान, बोले- मेरे हाथों में हो रही है खुजली, ओवैसी मिल जाए तो...!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर विपक्ष पर हमलावर होते हुए भाजपा नेता सूरजपाल अम्मू ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अहिंसा के पुजारी की समाधि पर वो लोग बैठे हैं जो देश में हिंसा फैला रहे हैं। इस दौरान जोश में अम्मू के बोल बिगड़ गए और असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके हाथों में बहुत दिनों से खुजली हो रही है, ओवैसी अगर मिल जाए तो मैं उन्हें बताऊंगा सीएए और एनआरसी क्या है। अम्मू सेक्टर-21 में एक निजी कार्यक्रम में आए थे।
इस दौरान अम्मू ने कहा कि राजघाट पर बैठकर कांग्रेसी ड्रामा कर रहे हैं। इससे महात्मा गांधी की आत्मा अशांत होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में जवाहर लाल नेहरू ने धर्म के आधार पर देश का बंटवारा किया और अब सोनिया गांधी व राहुल गांधी देश का विभाजन करना चाह रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को तोड़ने का काम किया है। इटली से आई सोनिया गांधी को नागरिकता देश ने दी है।
उन्हें समझ नहीं आ रहा है तो वे वापस इटली जा सकती हैं। भाजपा सभी धर्मों को साथ लेकर चलती है और उसने कभी भी देश को बांटने का प्रयास नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को जोड़ने का काम करते हैं। सन् 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस ने देश में कत्लेआम करवाया और सिखों को सरेआम कत्ल किया गया, जिंदा जला दिया गया था और अब सीएए व एनआरसी के मुद्दे पर देश को दंगों की आग में झोंक दिया। इन पर देशद्रोह के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि एनआरसी और सीएए के मुद्दे पर हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी भी लगातार प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को झूठा बता रहे है तो जोश में अम्मू की जबान फिसल गई और उन्होंने कहा कि वह कई महीनों से ओवैसी को ढूंढ रहे हैं, मगर वो मिलते नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरे हाथ में बहुत दिनों से खुजली भी हो रही है, मिले फिर मैं उसे बताउंगा कि सीएए क्या है और एनआरसी क्या है।
उन्होंने कहा कि देश की संसद में कानून पास हो गया तब क्यों नहीं शोर मचाया। हैदराबाद की बेटी को सरेआम जला दिया गया, ओवैसी तब क्यों नहीं बोले, क्यों नहीं गए उस बेटी के घर पर संवेदना प्रकट करने के लिए। औवेसी देश को तोड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओवैसी जैसे लोगों का करणी सेना के तरीके से इलाज होना चाहिए। अगर ओवैसी करणी सेना के किसी भी सैनिक को मिल गए तो उन्हें इसका माकूल जवाब दिया जाएगा।