‘दिल्ली में छिपे हैं भारती’ गिरफ्तारी से बचने के लिए SC पहुंचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती ने पत्नी के खिलाफ हिंसा के मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए सुप्रीम कोर्ट की शरण ली है।
भारती ने घरेलू हिंसा के इस मामले में अग्रिम जमानत के लिए पहले दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन इसे खारिज कर दिया गया था।
हाईकोर्ट में दायर याचिका खारिज होने के बाद भारती के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में आवेदन दिया है। उनके वकील विजय अग्रवाल ने कहा कि उम्मीद है कि इस मामले में दिल्ली पुलिस संयम बरतेगी और उनके मुवक्किल व उनके रिश्तेदारों को तंग नहीं करेगी।
सोमनाथ की अर्जी पर जल्द ही सुनवाई होने की उम्मीद
इस बीच, सूत्रों का कहना है कि सोमनाथ की अर्जी पर जल्द ही सुनवाई होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से निर्देश देने के बाद भी सोमनाथ भारती कोर्ट में समर्पण से बचते रहे।
केजरीवाल ने ट्विट कर कहा था कि पत्नी की हत्या की कोशिश और घरेलू हिंसा में फंसे भारती को समर्पण कर देना चाहिए क्योंकि यह पूरा मामला आम आदमी पार्टी के लिए बदनामी का विषय बनता जा रहा है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले के बाद अब सोमनाथ भारती लुका-छिपी का खेल बंद करें। बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ट्वीट के बाद स्वाति ने भी आयोग अध्यक्ष के नाते अपनी राय जाहिर की।
आयोग ने यह भी साफ कर दिया कि भारती मामले में डीसीडब्ल्यू का कोई रोल नहीं है। क्योंकि पूर्व आयोग अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह ने यह मामला पुलिस के पास भेज दिया था।
‘दिल्ली में ही छिपे हैं सोमनाथ भारती’
हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद आप विधायक सोमनाथ भारती को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने दूसरे दिन बुधवार को कई जगह छापेमारी की।
पुलिस ने सोमनाथ भारती के पीए समेत बहन-भाई से पूछताछ की। इन लोगों से बुधवार देर शाम तक द्वारका (नार्थ) थाने में पूछताछ की जा रही थी।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोमनाथ भारती को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। सोमनाथ भारती दिल्ली में ही छिपे हुए हैं। वह दिल्ली से बाहर नहीं भागे हैं।
लगातार पुलिस कर रही छापेमारी, जानकारों से हो रही पूछताछ
गौरतलब है कि हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद मंगलवार को ही आप विधायक गायब हो गए थे। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार रात को सोमनाथ भारती के पीए गुरप्रीत व उनके भाई लोकनाथ को वसंतकुंज (नॉर्थ) थाने ले जाकर पूछताछ की थी।
बताया जा रहा है कि यहां पर सोमनाथ भारती की बहन भी पहुंच गई थी। पुलिसकर्मियों का आरोप है कि सोमनाथ भारती की बहन ने रात में वसंत कुंज थाने में हंगामा किया था।
दिल्ली पुलिस ने पीए गुरप्रीत, भाई लोकनाथ समेत उन लोगों को बुधवार को द्वारका(नार्थ) थाने बुलाया था जो सोमनाथ केबारे में जानकारी दे सकते हैं। सोमनाथ भारती के कुछ और जानकारों को भी पूछताछ के लिए बुलाया था।
आरोप पूछताछ नहीं कर रही, पुलिस थाने में बिठा रही जानकार
गुरप्रीत ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने मंगलवार रात को भी उसे वसंत कुंज थाने बुलाया था, मगर उससे पूछताछ नहीं की गई। आज भी पुलिस ने द्वारका (नार्थ) थाने बुलाया था।
यहां पर भी पुलिसकर्मियों ने उसे बैठाकर रखा और उससे पूछताछ नहीं की। दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोमनाथ को गिरफ्तार करने के लिए आठ टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें दिल्ली व एनसीआर में छापेमारी कर रही है।
बुधवार देर रात तक पुलिस को सोमनाथ भारती के बारे में कुछ पता नहीं लगा था। दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी आरए संजीव का कहना है कि सोमनाथ भारती को पकड़ने लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए उनके परिजनों को बुलाया गया है।
भारती के घर पर पुलिस का पहरा
दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर स्थित सोमनाथ भारती के घर पर पहरा लगा दिया है। मंगलवार को उनकेघर में दो पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए थे। बुधवार को उनके घर पर पुलिस की एक जिप्सी बार-बार पेट्रोलिंग करती हुई दिखाई दी।
बताया जा रहा है कि घर पर सिर्फ सोमनाथ भारती की मां थीं। वह मीडियाकर्मियों से बात करने को तैयार नहीं थी। ये भी बताया जा रहा है कि सोमनाथ भारती सोमवार शाम केबाद से अपने घर नहीं गए हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी ने कहा कि सोमनाथ भारती को कानून का सम्मान व पालन करना चाहिए। उन्हें जांच में शामिल होना चाहिए।