ध्यान दीजिए, बीटिंग रिट्रीट के चलते आज परिवर्तित रहेगा ट्रैफिक
बीटिंग रिट्रीट के चलते शुक्रवार शाम साढ़े तीन बजे से रात साढ़े नौ बजे तक कई मार्गों पर ट्रैफिक परिवर्तित रहेगा। आम जनता के लिए विजय चौक पूरी तरह बंद रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त आयुक्त शरद अग्रवाल के अनुसार बीटिंग रिट्रीट के चलते रफी मार्ग पर सुनेहरी मस्जिद गोलचक्कर से कृषि भवन गोलचक्कर तक, रायसीना मार्ग पर कृषि भवन गोलचक्कर से विजय चौक तक, डलहौजी रोड गोलचक्कर, कृष्णन मेनन मार्ग और सुनहेरी मजिस्द से विजय चौक तक, राजपथ पर विजय चौक से सी-हैक्सागॉन तक आवाजाही पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
बता दें कि बीटिंग रिट्रीट गणतंत्र दिवस समारोह का एक हिस्सा है।
दोपहर दो बजे से शाम साढ़े छह बजे तक बंद रहेंगे ये मेट्रो
अग्रवाल ने बताया कि उद्योग भवन और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन दोपहर दो बजे से शाम साढ़े छह बजे तक बंद रहेंगे। वहीं, डीटीसी और सिटी बसों के मार्ग भी दोपहर साढ़े तीन बजे से रात साढ़े नौ बजे तक परिवर्तित कर दिए जाएंगे।
शांतिपथ, विनय मार्ग, सरदार पटेल मार्गों से आकर केंद्रीय सचिवालय और कनाट प्लेस जाने वाली बसें पंचशील मार्ग, सिमोन बोलिवर मार्ग, अपर रिज रोड, शंकर रोड गोलचक्कर और पार्क स्ट्रीट होकर जाएंगी।
मंडी हाउस और फिरोजशाह रोड से कनाट प्लेस जाने वाले बसें शिवाजी स्टेडियम पर रुक जाएंगी और केजी मार्ग होकर वापस जाएंगी। पुलिस अधिकारियों ने आग्रह किया है कि लोग राजपथ, विजय चौक और पार्लियामेंट हाउस की तरफ आने से बचें।