Badaun Double Murder: दोनों भाई की हत्या के पीछे तंत्र-मंत्र! जियारत पर जाता था साजिद, जावेद ने उगले नए राज
Badaun Double Murder: गुरुवार को जावेद ने पूछताछ में बताया था कि साजिद बड़ी ज़ियारत पर जाता था। वहां एक पेड़ पर अपनी बात लिखकर टांग देता था। उसकी छानबीन करने के लिए पुलिस बड़ी ज़ियारत भी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं की बाबा कॉलोनी में आयुष (13) और अहान (06) की हत्या के मामले में लगातार पुलिस छानबीन कर रही है लेकिन चार दिन की तफ्तीश कोई ठोस कारण निकलकर सामने नहीं आया है। दूसरे हत्यारोपी जावेद ने कुछ ऐसी बातें बताईं हैं, जिससे यह माना जा रहा है कि इस निर्मम हत्याकांड की वजह तंत्र क्रिया भी हो सकती है। हालांकि पुलिस अभी कई एंगल पर छानबीन कर रही है। वारदात स्थल के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तमाम लोगों से जानकारी लेने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस की अब तक छानबीन में नामजद दोनों हत्यारोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई है। उसमें अभी कोई ऐसा नंबर निकलकर सामने नहीं आया, जिससे पुलिस को कुछ लीड मिल सके। शुरुआती दौर में पुलिस ने जेहाद के एंगल पर भी मामले की छानबीन की लेकिन अभी इस पर कोई साक्ष्य नहीं मिल रहा है। कॉल डिटेल में भी कोई ऐसा नंबर निकलकर सामने नहीं आया है, जिससे पता लगाया जा सके कि साजिद और जावेद लगातार उसके संपर्क में थे।
जावेद के आत्मसमर्पण करने के बाद उससे गहनता से पूछताछ की गई थी। उसने ही बताया था कि साजिद मानसिक रूप से बीमार था। बचपन में पिता उसको लेकर बड़ी ज़ियारत में रहे थे। तब वह कुछ ठीक हो गया था लेकिन उसने बड़ी ज़ियारत, छोटी ज़ियारत और खेड़ा नवादा वाली ज़ियारत जाना नहीं छोड़ा था। वह पांच जनवरी को खेड़ा नवादा में सागर ताल वाली ज़ियारत पर गया था। जावेद ने बताया था कि साजिद अपने मुंह से ब्लेड निकालता था और आंखों से सुइयां निकालता था। हालांकि पुलिस इसको सही नहीं मान रही है लेकिन इसको तंत्र-मंत्र से भी जोड़ा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस दोहरे हत्याकांड की वजह तंत्र-मंत्र भी हो सकती है। इसकी छानबीन के लिए पुलिस पता कर रही है कि वह कहां-कहां जाता था, किस-किस से मिलता था और क्या करता था।
इस मामले की लगातार छानबीन कराई जा रही है। दोनों हत्यारोपियों की कॉल डिटेल खंगाली गई लेकिन अभी उसमें कोई ऐसा मोबाइल नंबर नहीं मिला है और न ही किसी से लगातार बात हुई है। जैसा कि जावेद ने बताया था कि साजिद मानसिक रूप से बीमार था। उसने यह भी बताया था कि वह कुछ ऐसे लोगों के संपर्क में था, जो तंत्र क्रिया आदि करते थे। इससे यह भी माना जा रहा है कि इस हत्याकांड की वजह तंत्र मंत्र भी हो सकता है। अब सभी पहलुओं पर छानबीन के बाद ही कोई नतीजा निकलेगा। - आलोक प्रियदर्शी, एसएसपी
बड़ी ज़ियारत में नहीं मिली पर्ची
गुरुवार को जावेद ने पूछताछ में बताया था कि साजिद बड़ी ज़ियारत पर जाता था। वहां एक पेड़ पर अपनी बात लिखकर टांग देता था। उसकी छानबीन करने के लिए पुलिस बड़ी ज़ियारत भी गई लेकिन वहां किसी प्रकार की पर्ची नहीं मिली और न ही वहां किसी रजिस्टर में उसका नाम अंकित था।
बाबा कॉलोनी में तैनात रहेगा अर्द्धसैनिक बल
दोहरे हत्याकांड के बाद शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। खासकर बाबा कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। बाबा कॉलोनी में इंस्पेक्टर वजीरगंज राकेश कुमार, इंस्पेक्टर कुंवरगांव राजेंद्र बहादुर सिंह, इंस्पेक्टर मूसाझाग मनोज कुमार समेत कई इंस्पेक्टर और थाना पुलिस लगा दी गई थी। अर्द्धसैनिक बल को भी तैनात कर दिया गया था। शनिवार को इलाके के हालात देखते हुए कॉलोनी से पुलिस बल को हटा लिया गया है। अब केवल यहां अर्द्धसैनिक बल को तैनात किया गया है। सीओ सिटी आलोक मिश्रा और सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई लगातार बाबा कॉलोनी में भ्रमण कर रहे हैं। फिलहाल कॉलोनी में शांति व्यवस्था का माहौल है।
ईनाम मांगने वाले नहीं पहुंचे बदायूं, जावेद ने खुद वायरल कराया था वीडियो
दो बच्चों के हत्याकांड की छानबीन के दौरान यह भी निकलकर सामने आया है कि जावेद ने ही खुद अपना वीडियो वायरल कराया था। वह सबसे पहले बदायूं से भागकर सहसवान पहुंचा था। वहां से सीधे दिल्ली भाग गया था। जावेद ने बताया था कि उसके पिता जैन मंदिर के सामने खोखा पर बाल काटने का काम करते हैं। उनसे कई लोगों ने बाल काटना सीखा था। उनमें कुछ लोग इस समय दिल्ली में सैलून की दुकान चला रहे हैं। वह उन्हीं के पास एक दिन रुका लेकिन यह मामला लगातार चर्चाओं में बना हुआ था। उसे लगातार टीबी पर दिखाया जा रहा था, जिससे वह डर गया था कि कहीं लोग उसे पकड़कर मार न दें और पुलिस उसका एनकाउंटर न कर दे।
उसे कुछ लोगों ने सलाह दी कि वह बदायूं न जाकर बरेली चला जाए और वहां किसी थाने में सरेंडर हो जाए लेकिन इससे पहले वह अपना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करा दे। उसने बरेली पहुंचकर ऐसा ही किया। कुछ लोगों की मदद से उसने अपना वीडियो वायरल कराया। जिन युवकों ने उसका वीडियो वायरल किया था। वह बरेली एसएसपी कार्यालय अपना ईनाम लेने पहुंचे थे लेकिन वहां से उन्हें बता दिया गया कि यह मामला बदायूं जिले का है। उन्हें ईनाम भी बदायूं पुलिस देगी। इस दौरान वीडियो वायरल कराने की भी पोल खुल गई थी, जिससे तीनों युवक बदायूं नहीं आए।
क्राइम ब्रांच करेगी एनकाउंटर के मामले की विवेचना
दोहरे हत्याकांड के आरोपी साजिद के खिलाफ एनकाउंटर के मुकदमे की विवेचना अब क्राइम ब्रांच करेगी। एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि 19 मार्च की शाम आरोपी साजिद दोनों बच्चों की हत्या करके इकलहरी मुजाहिदपुर होते हुए शेखूपुर के जंगल की ओर भागा था। लोगों की सूचना पर पुलिस भी उसके पीछे लगी थी। शेखूपुर के जंगल में उसे रोकने की कोशिश की गई थी लेकिन उसने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी थी। जवाबी फायरिंग में साजिद मारा गया था। इस संबंध में एसआई सुमित कुमार की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई थी। अब इसकी विवेचना क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी गई है। इसकी गहराई से विवेचना कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि यह भी हो सकता है कि साजिद बीमार न हो, जावेद ने पुलिस से झूठ बोला हो। सभी तथ्यों की गहनता से छानबीन करने के लिए यह विवेचना कराई जा रही है।