विदेशी दंपत्ति का ही सामान लेकर फरार हो गया ऑटोचालक
विदेशी दंपत्ति का सामान लेकर एक ऑटोचालक फरार हो गया। लेकिन दंपत्ति ने सूझबूझ दिखाते हुए ऑटो के नंबर नोट कर लिए थे, जिससे आरोपी पकड़ में आ गया।
पुलिस ने आरोपी ऑटोचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया। बीजिंग निवासी चेन चुआवन चान एमवे कंपनी में कार्य करता है और अपनी पत्नी के साथ डीएलएफ एरिया फेज दो एरिया में रहता है।
जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले चेन अपनी पत्नी के साथ एंबियंस मॉल से सामान खरीदकर उसे साउथ सिटी में रहने वाले रिश्तेदार के यहां ले जा रहा था।
सामान ज्यादा होने के चलते छह बैग उसने एक ऑटो में रख दिए, जबकि दूसरे ऑटो में दंपत्ति बैठकर चलने लगे। चेन और उनकी पत्नी साउथ सिटी पहुंच गए लेकिन दूसरा ऑटो वहां नहीं पहुंचा।
चीनी दंपत्ति ने दिखाई समझदारी
काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब ऑटो नहीं पहुंचा तो उन्होंने इस बारे में एमजी रोड पर खड़े ऑटोचालकों से पूछताछ की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
हालांकि चेन ने समझदारी दिखाते हुए ऑटो का नंबर नोट कर लिया था। देररात उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। डीएलएफ फेज दो थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ऑटोचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने ऑटो रजिस्ट्रेशन नंबर का रिकॉर्ड निकलवाया तो वह बेगुसराय बिहार निवासी अशोक नामक युवक का निकला। शुक्रवार शाम को पुलिस ने आरोपी को ऑटो समेत दबोच लिया।
पुलिस ने सारा सामान भी बरामद कर लिया। शनिवार को आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी के मुताबिक पूरे मामले में विदेशी युवक की समझदारी के चलते केस सुलझा लिया गया।