एटीएम से निकले 100 की जगह 500 के नोट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा के दादरी रेलवे रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पैसे निकालने गए एक व्यक्ति पर लक्ष्मीजी की कृपा बरस पड़ी। हुआ यूं कि एटीएम से 100 की जगह 500 रुपये के नोट निकलने लगे, जबकि उस व्यक्ति के बैंक अकाउंट से सिर्फ 100 रुपये का ही ट्रांजेक्शन हुआ।
खबर क्षेत्र में फैली तो पैसे निकालने के लिए भीड़ जुट गई। नौबत धक्का-मुक्की और झगड़े तक पहुंच गई। पुलिस को सूचना मिली तो एटीएम बंद कराया गया।
दरअसल, दादरी रेलवे रोड पर बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में तकनीकी खराबी के चलते 100 की जगह 500 के नोट निकल गए। एक व्यक्ति पैसे निकालने पहुंचा तो कम रकम की ट्रांजेक्शन के बाद भी 500 रुपये के नोट निकले।
धक्का-मुक्की और झगड़े की नौबत
ये बात क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ इस एटीएम पर पैसे निकालने के लिए जमा होने लगी। पैसे निकालने की जल्दबाजी में लोगों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और विवाद भी होने लगा। एटीएम पर लोगों की लंबी लाइन लग गई और सूचना पुलिस तक जा पहुंची।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने एटीएम को बंद कराया। दादरी पुलिस इंस्पेक्टर बीपी मलिक ने बताया कि बैंक के एटीएम से इस तरह से नोट निकलने की सूचना मिली।
बैंक अधिकारियों से संपर्क तक एटीएम बंद करा दिया गया है। दरअसल, एटीएम मशीन में 500 के नोट 100 रुपये वाले बॉक्स में ट्रे में रख दिए गए थे, जिसके कारण ऐसा हुआ। उधर, एटीएम बंद होने से पहले कई लोगों द्वारा पैसे निकालने की सूचना है।