केजरीवाल सत्ता छोड़ें, हम काम करके दिखाएंगे: विजेंद्र गुप्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दिल्ली के डार्क स्पॉट खत्म करने की मुहिम चलाई है। रोहिणी के विधायक विजेंद्र गुप्ता ने अपने क्षेत्र में 300 जगहों की पहचान की है, जो महिलाओं की सुरक्षा और अन्य अपराधों की दृष्टि से अंधेरे के कारण असुरक्षित हैं।
विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में 100 डार्क स्पॉट्स पर एलईडी लाइट की व्यवस्था है। बचे हुए डार्क स्पॉट कुछ दिन में लाइट लगवाकर खत्म कर दिए जायेंगे। गुप्ता ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि उन्होंने चुनाव से पूर्व महिला सुरक्षा के लिए बसों में मार्शलों की तैनाती, डार्क स्पॉट समाप्त करने, लास्ट माइल कनेक्टिविटी जैसे वादे किए थे, लेकिन ऐतिहासिक बहुमत के बावजूद पिछले साढ़े 4 साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सत्ता छोड़ें। हम महिलाओं की सुरक्षा के इंतजाम करेंगे। केजरीवाल दिल्ली मेट्रो को बर्बाद करने पर तुले हैं। महिला सुरक्षा जैसे वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए वे मुफ्त यात्रा कराने की राजनीति कर रहे है।
उधर, विजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में विधायकों ने महिपालपुर क्षेत्र में दिल्ली जल बोर्ड के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक कर्नल देवेंद्र सहरावत, ओपी शर्मा, जगदीश प्रधान, अनिल बाजपेयी शामिल थे। विधायकों की टीम ने बताया कि केंद्र सरकार की सभी एजेंसियों की मदद के बावजूद केजरीवाल सरकार की लापरवाही के कारण जलापूर्ति, सीवर लाइनों से संबंधित चार बड़े प्रोजेक्ट निर्धारित समय पर पूरे नहीं किए गए हैं।
पानी के लिए सांसद रमेश विधूड़ी का प्रदर्शन
शनिवार को दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी पानी की मांग लेकर सरकार के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शन में शरीक हुए। कालकाजी स्थित जल बोर्ड कार्यालय पर हुए प्रदर्शन के दौरान बिधूड़ी ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया कि 700 लीटर मुफ्त पानी देने का वादा विफल साबित हुआ है। बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को झूठे वादे करने और दिल्ली के लोगों पर अपने निहित राजनीतिक हित के लिए धोखाधड़ी करने की आदत है। दिल्ली की अधिकांश कॉलोनियां में पाइप लाइन तक नहीं बिछी है। दक्षिण दिल्ली में 1 एमजीडी सिंगल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक नहीं लगा। टैंकर माफिया पर लगाम लगाने में भी सरकार विफल साबित हुई है। केजरीवाल वास्तव में दिल्ली की महिलाओं को लाभ देना चाहते हैं तो कम से कम उनकी रसोई में पानी उपलब्ध करा दें।
ठकराल परिवार को मदद का भरोसा
इंद्रपुरी इलाके में एक मवेशी की टक्कर के कारण रवि ठकराल की मृत्यु हो गई थी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इस पर दुख जताते हुए दिल्ली सरकार से ठकराल के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। सरकार से सहायता नहीं मिलने के बाद रवि ठकराल के परिजन शनिवार को स्थानीय लोगों के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी से मिले। मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली भाजपा रवि ठकराल के परिवार के साथ है। रवि के तीनों बच्चो का दाखिला केंद्रीय विद्यालय में कराने के साथ उसकी पत्नी आशा ठकराल को नौकरी दिलाने के लिए प्रयत्न करेंगे। दिल्ली सरकार को भी परिवार की पीड़ा समझते हुए तुरंत मुआवजा देना चाहिए।