नोटबंदीः आजादपुर मंडी पहुंचने से पहले ही शुरु हुई केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के आजादपुर मंडी में आम आदमी पार्टी के संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी नोटबंदी पर केन्द्र व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलने वाले थे जिससे पहले ही वहां उनका विरोध शुरु हुआ।
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है, आजादपुर मंडी के 11 बजे नोटबंदी के खिलाफ जनसभा है, नोटबंदी से दुखी सब लोग जरूर पहुंचे। दूसरे ट्वीट में लिखा है जनसभा को मेरे साथ ममता बनर्जी भी संबोधित करेंगी, आप सब जरूर आएं।
बता दें कि केजरीवाल अब तक आजादपुर मंडी नहीं पहुंचे हैं और वहां के छोटे-बड़े सभी व्यापारी केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब से केजरीवाल सीएम बने हैं उन्होंने एक बार भी व्यापारियों की सुध नहीं ली है और इसी के चलते वहां विरोध हो रहा है। केजरीवाल समर्थक और विरोधियों के आमने-सामने आने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई है।
मालूम हो कि अरविंद केजरीवाल नोटबंदी के दो दिन बाद से ही लगातार 500 रुपये और 1000 रुपये के नोटबंदी का फैसला वापस लिए जाने की मांग कर रहे हैं। हर बार तर्क दिया है कि किसान बीज कैसे खरीदेगा, कौन सा व्यापार साप्ताहिक 24 हजार के टर्नओवर पर चलता है और मजदूर को काम नहीं मिल रहा है, वो क्या करे। अरविंद केजरीवाल की नोटबंदी के खिलाफ आंदोलन को जनता के बीच उतारने की कोशिश है।
मंगलवार को नोटबंदी के कारण होने वाली दिक्कतों का हवाला देकर विधानसभा का सत्र बुलाया जिसमें प्रस्ताव पास करके राष्ट्रपति से अपील की गई कि केन्द्र सरकार को फैसला वापस लेने का निर्देश दें। 500-1000 के नोट को चलन से बाहर करने के कदम की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराए जाने की भी मांग की है।
केजरीवाल ने ट्वीट कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को आमंत्रित किया
आम आदमी पार्टी ट्रेड विंग की तरफ से आयोजित जनसभा में किसान, व्यापारी व श्रमिकों की जुबानी भी दिक्कतें मंच से सबके सामने रखने की कोशिश होगी। यहां नोटबंदी से पूर्व सूचना लीक किए जाने के अलावा बड़े कर्जदारों के लोन बैंकों की तरफ से माफ किए जाने और विशेष राजनीतिक दल को इस घोषणा से लाभ का हवाला मंच से दिया जाएगा।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भी इस जनसभा को संबोधित करेंगी। ममता बनर्जी से अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को इस मामले में मुलाकात भी की थी।
फिर ममता बनर्जी ने बुधवार को नोटबंदी के खिलाफ राष्ट्रपति भवन तक जो मार्च किया उसमें अरविंद केजरीवाल के प्रतिनिधि के तौर पर भगवंत मान शामिल हुए थे। हालांकि केजरीवाल मार्च में शामिल नहीं हुए, तर्क दिया गया कि शिवसेना के नेता उसमें शामिल हो रहे हैं जिनसे आम आदमी पार्टी का वैचारिक मतभेद है।
अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को एक अन्य ट्वीट में कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के साथ धोखा किया। नोटबंदी का फैसला स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा घोटाला है। मोदी ने अमीरों से पैसे लेने के बाद, भूखी जनता को कतार में खड़े होने को मजबूर कर दिया।
मोदीजी ने देश के साथ धोखा किया है। केजरीवाल ने मंगलवार को विधानसभा में भी प्रधानमंत्री पर कई आरोप जड़े थे। विधानसभा में लगाए गए आरोप भी जनता के सामने अरविंद केजरीवाल रखेंगे।