आज भी याद है अर्पित पैलेस की चीख-पुकार वाली वह मनहूस सुबह
- होटल में दस माह पहले आग लगने से गई थी 17 लोगों की जान
- घटना के बाद से सील है अर्पित पैलेस होटल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
करोल बाग इलाके के तीन स्टार होटल अर्पित पैलेस में 10 माह पहले हुए अग्निकांड की उस मनहूस सुबह को याद करके आज भी स्थानीय लोगों की रूह कांप जाती है। अनाज मंडी इलाके की अवैध फैक्टरी में बीते रविवार को लगी आग ने करोल बाग के अर्पित पैलेस होटल की यादें ताजा कर दीं।
आज भी होटल के नजदीक से गुजरने वाले लोगों की नजरें होटल की बिल्डिंग की ओर जरूर जाती हैं। हालांकि होटल अर्पित पैलेस को घटना के बाद ही सील कर दिया गया था और वर्तमान में होटल के बाहर सड़क पर अवैध पार्किंग बन चुकी है।
अर्पित होटल के बराबर में स्थित होटल के स्टाफ ने बताया 10 माह पहले 12 फरवरी तड़के हुई अग्निकांड की घटना आज भी याद है। वह मंजर बेहद दर्दनाक और चीख-पुकार भरा था।
इस होटल की इमारत अर्पित पैलेस होटल से सटी हुई है। जब अर्पित पैलेस की चौथी मंजिल पर भयंकर आग लगी तो होटल की बिल्डिंग में फंसे लोगों की आवाजें खिड़कियों से आ रही थीं। लोग बचाने के लिए चिल्ला रहे थे। सबसे ऊपरी मंजिल पर आग की चपेट से बचने के लिए कई लोग होटल की छत से दूसरी इमारत की ओर कूद गए थे।
आग की तेज लपटों से उनके होटल की दीवारें भी गर्म हो गई थीं और उन्होंने भी अपने होटल के स्टाफ व लोगों को बाहर निकाल लिया था। इस दर्दनाक हादसे में कई लोग मौके पर ही आग की चपेट में आकर मौत का शिकार हो गए थे।
आसपास के होटलों के स्टाफ ने सुबह-सुबह ऐसी घटना पहली बार देखी थी, जिसे देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए थे।
यहां के लोगों का कहना है कि अनाज मंडी की फैक्टरी में आग में जलकर लोगों की मौत की खबर ने उन्हें अर्पित पैलेस की उस भयानक घटना की यादें ताजा कर दीं।
वहीं होटल अर्पित पैलेस के सामने पिछले कई सालों से जूस का ठेला लगाने वाले नरेश ने बताया कि जब वह सुबह यहां आता है तो अर्पित पैलेस की बिल्डिंग को देखकर आग लगने की घटना मंजर सामने आ जाता है।
उन्होंने देखा था कि पुलिस ने किस तरह होटल में मरने वालों की लाशों को बाहर निकाला था। लोग बुरी तरह रो रहे थे। इस घटना के 10 महीने बीत चुके हैं, लेकिन उन्हें ऐसा लगता है कि जैसे यह कल की ही घटना हो।
अर्पित पैलेस अग्निकांड में 30 के खिलाफ चार्जशीट
इस अग्निकांड के आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर हो चुकी है और आगे की जांच जारी है। इस चार्जशीट में आरोपी बनाए गए लोगों में से करीब 50 फीसदी रिटायर हो गए हैं। नॉर्थ एमसीडी ने इस मामले में विजिलेंस जांच कराई।
इसमें स्वास्थ्य और बिल्डिंग विभाग के कर्मचारी और अधिकारियों के खिलाफ आरोप तय करते हुए 30 के खिलाफ चार्जशीट की गई है। इनमें 18 स्वास्थ्य और 12 बिल्डिंग विभाग के अधिकारी हैं।
इस घटना के बाद करोल बाग में निगम ने कार्रवाई करते हुए 100 से ज्यादा होटल सील भी किए थे, जिन्हें बाद में दमकल विभाग से एनओसी मिलने के बाद कुछ होटलों की सील खोली भी गई थी।