नॉर्थ-ईस्ट के एक और युवक पर जानलेवा हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में पूर्वोत्तर के लोगों पर हमला होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अमर कॉलोनी थाना इलाके में 5 मार्च को असम के युवक अरबाजुद्दीन पर जानलेवा हमला होने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है कि इसी थाना क्षेत्र में ही असम के एक और युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।
युवक को बुरी तरह पीटा गया और उसका सिर फोड़ दिया गया। पीड़ित युवक को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पीड़ित सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी कर रहा है। पीड़ित पक्ष नस्लीय हमले का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारी नस्लीय हमले की जांच की बात कह रहे हैं।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुवाहाटी, असम निवासी मंदीप कालिता ओल्ड डबल स्टोरी लाजपत नगर-4 में रहता है। मंदीप बीबीए की पढ़ाई करने के बाद सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा है। वह अपने असम निवासी दोस्त अरशद अकील के साथ 9 मार्च को रात 8 बजे अमर कॉलोनी ए-ब्लाक मे स्थित जिम गया था। रात करीब 8:30 बजे अपनी स्विफ्ट कार से जिम से वापस लौट रहा था।
गाड़ी हटाने की बात पर किया हमला
लौटते हुए सी-ब्लॉक मार्केट के पास रास्ते में हरियाणा नंबर की एक अन्य स्विफ्ट कार खड़ी थी। मंदीप ने कार को हटाने के लिए चालक को कहा तो कार में एक युवक निकला और गाली देने लगा। आरोप है कि उक्त युवक ने नस्लीय टिप्पणी भी की। इसके बाद कार से एक और युवक नीचे उतरा। दोनों मिलकर उसे पीटने लग गए। आरोपियों ने डंडों से उसकी पिटाई की और उसका सिर फोड़ दिया।
मंदीप का दोस्त अरशाद उसे बचाने आया तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई की। जानलेवा हमला कर आरोपी फरार हो गए। मंदीप की शिकायत पर अमर कॉलोनी थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपी मोहित (24) और अभय (27) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दोनों आरोपी पेशे से चालक हैं।