केजरीवाल ने पंजाब के CM से की मिलने की दरख्वास्त, अमरिंदर सिंह ने किया इंकार
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलने चंडीगढ रवाना होने से एक दिन पहले मंगलवार को एक बार फिर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से मुलाकात का समय मांगा।
केजरीवाल ने सुबह ट्वीट किया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात करने बुधवार को चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। प्रदूषण से निपटने की संयुक्त कोशिश की दिशा में पंजाब के मुख्यमंत्री से भी मुलाकात होना बेहतर होगा।
हालांकि, अमरिंदर सिंह ने दोपहर बाद ऐसी बैठक के बेनतीजा रहने की बात करते हुये मुलाकात से इंकार कर दिया। साथ ही केजरीवाल को मामले का राजनीतिकरण न करने की नसीहत भी दी।
दरअसल, अरविंद केजरीवाल बुधवार सुबह करीब 11.40 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं। दोहपर करीब 12.15 बजे हरियाणा सचिवालय में उनकी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात होनी है। इसमें दिल्ली-एनसीआर में पराली जलाने से पैदा होने वाले जानलेवा प्रदूषण की हालात से निपटने की उपायों पर चर्चा होगी।
इस संबंध में अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री के नाम सुबह ट्वीट किया कि वह हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिलने के लिये चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। अगर अमरिंद सिंह से मुलाकात हो जाये तो काफी अच्छा रहेगा। यह एक साझा प्रयास होगा।
लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने इसका नकारात्मक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि साफ तौर पर कहा कि वह दिल्ली के सीएम से नहीं मिलेंगे। बकौल अमरिंदर सिंह, केजरीवाल इस मसले का राजनीतिकरण न करें। केजरीवाल भी जानते हैं कि इस तरह की कोई भी बैठक बेनतीजा रहेगा।