महाशिवरात्रि: आतंकी हमले की आशंका के चलते दिल्ली में हाई अलर्ट
लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के राजधानी में घुसने की सूचना से दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया गया है। महाशिव रात्रि के दौरान मंदिरों पर आतंकी हमला को लेकर खुफिया एजेंसी ने दिल्ली पुलिस को अलर्ट किया है।
दिल्ली पुलिस ने राजधानी के सभी मंदिरों व भीड़भाड़ वाले बाजारों में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। साथ ही अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर भी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। रविवार को खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस को अलर्ट जारी करते हुए राजधानी में दस आतंकियों के घुसने की जानकारी दी है।
अलर्ट में कहा गया है कि लश्कर और जैश के आतंकी मंदिर और भीड़भाड़ वाले जगह पर आतंकी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसके बाद सभी मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और वहां की सुरक्षा को चाक चौबंद कर रही है।
दिल्ली पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल भी अलर्ट पर
इसके अलावा दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल को अलर्ट पर रहने को कहा गया है। दोनों ही ब्रांच में तैनात पुलिस अधिकारियों को विशेष नजर रखने के लिए कहा गया है।
साथ ही सभी जिला पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वह अपने इलाके में लगे सीसीटीवी की मॉनीटरिंग करें और किसी भी संदिग्ध को देखते ही उसकी पूरी तरह से जांच करें।
इसके अलावा राजधानी के चौराहों, बाजारों, एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस अड्डों समेत अन्य जगहों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।