केजरीवाल सरकार के सख्त फैसले के बाद ऊबर का नहीं बढ़ेगा किराया
दिल्ली में ऑड-ईवन नियम दोबारा शुरू हुआ है जिसका फायदा उठाकर टैक्सियों पर ज्यादा पैसे लेने का आरोप लग रहा है। इसी पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने एक बैठक की।
इस बैठक में सरकारी रेट से ज्यादा पैसे लेने वाली टैक्सियों आदि के परमिट कैंसिल करने के साथ ही वाहन जब्त करने तक का फैसला लिया गया है।
सरकार के इस सख्त फैसले के बाद आज ऊबर ने ये ऐलान किया है कि दिल्ली में फिलहाल कैब का किराया नहीं बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि मांग बढ़ने पर भी किराया नहीं बढ़ाया जाएगा। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने ऊबर और ओला कैब द्वारा ज्यादा किराया लिए जाने की बात पर दिल्ली सरकार से सफाई मांगी है।
ऑड गाड़ी से बिना पेपर के ही ईवन दिन निकले विजय गोयल
ऑड-ईवन दोबारा लागू होने के बाद सोमवार का दिन इसके लिए बड़े टेस्ट जैसा था, जिसके शुरूआत में ही दिल्ली सरकार को बीजेपी की आलोचना और एक अलग तरह के विरोध का सामना करना पड़ा।
आज सुबह ही भाजपा से राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने दिल्ली सरकार द्वारा विज्ञापन पर खर्च किए जा रहे पैसे का विरोध करने के लिए ऑड-ईवन नियम को तोड़ा। विजय गोयल आज ईवन दिन ऑड नंबर की गाड़ी तो लेकर निकले ही साथ ही साथ वो अपनी कार का पेपर लिए बिना ही निकल गए।
इस वजह से उन्हें 2000 रुपए तो ऑड-ईवन नियम तोड़ने के लिए देने पड़े और 500 रुपए गाड़ी का पेपर न होने के लिए और 1000 रुपए गाड़ी का इंश्योरेंस न होने के लिए देने पड़े। इस तरह विजय गोयल ने कुल 3500 रुपयों का चालान कटवाया।