MCD Result 2022: उम्मीदवारों ने परिजनों के साथ बिताया दिन, दिखे तनावमुक्त, कल आठ बजे से मतगणना
करीब 15 दिन की भागदौड़ के बाद परिजनों के साथ कुछ पल बिताने का अवसर मिला। ज्यादातर प्रत्याशियों ने मनपंसद खाना खाया और परिजनों से खुलकर बातचीत की। इतना ही नहीं, चुनाव से जुड़े कुछ रोचक तथ्य उनके साथ साझा किए।
विस्तार
एमसीडी चुनाव के लिए रविवार को मतदान होने के बाद भाजपा, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस आदि दलों और निर्दलीय उम्मीदवार सोमवार को तनाव मुक्त दिखाई दिए। करीब 15 दिन की भागदौड़ के बाद परिजनों के साथ कुछ पल बिताने का अवसर मिला। ज्यादातर प्रत्याशियों ने मनपंसद खाना खाया और परिजनों से खुलकर बातचीत की। इतना ही नहीं, चुनाव से जुड़े कुछ रोचक तथ्य उनके साथ साझा किए।
हालांकि कुछ उम्मीदवारों ने कार्यकर्ताओं को भी समय देने में कोई कंजूसी नहीं की। उनके साथ भी कुछ पल बिताए। सोशल मीडिया पर भी खुद को अपडेट किया और दोस्तों का हालचाल पूछा। एमसीडी में महापौर रहे और दरियागंज वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार फरहाद सूरी रोजाना की तरह सुबह जल्दी सो कर उठे और परिजनों के साथ कुछ समय बिताने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं एवं इलाके के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों का हालचाल जाना। जबकि दक्षिण दिल्ली नगर निगम की पूर्व महापौर व द्वारका बी वार्ड से भाजपा की उम्मीदवार कमलजीत सहरावत ने पूरा दिन परिवारों के साथ बातचीत की और उनके साथ करीब 15 दिन बाद नाश्ता किया।
वहीं आदर्श नगर वार्ड से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मुकेश गोयल सुबह कुछ पल परिजनों के साथ बिताकर अपने चुनाव कार्यालय आए गए। वहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदान को फीडबैक लिया। ईसापुर वार्ड से लगातार दूसरी बार पार्षद बनने के लिए 15 दिन तक मेहनत करने वाली सुमन डागर हर रोज की तरह सुबह ही अपने कार्यालय पहुंच गई, जहां उन्होंने समर्थकों से मतदान को लेकर समीक्षा की व बूथ एजेंटों व अन्य लोगों से मुलाकात की। बिजवासन वार्ड से भाजपा उम्मीदवार व डूसू के पूर्व अध्यक्ष जयवीर राणा सुबह काफी देर तक घर पर रहे। इसके बाद वे अपने कार्यालय पहुंचे, वहां उनका काफी लोग इंतजार कर रहे थे। उन्होंने लोगों से बातचीत की और इलाके के संबंध में जानकारी जुटाई।
इंतजाम पूरे, कल सुबह 8 बजे से होगी मतगणना
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने एमसीडी के सभी 250 वार्डों की मतगणना करने के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। सभी 42 केंद्रों पर बुधवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। दोपहर 12 बजे तक मतगणना का कार्य पूरा होने के आसार हैं। सबसे पहले वार्ड नंबर-132 कापसहेड़ा का परिणाम आएगा। इस वार्ड में सबसे कम 18 पोलिंग बूथ हैं। यहां तीन राउंड में मतगणना पूरी हो जाएगी।
42 केंद्रों पर अलग-अलग हॉल में वार्डों की होगी मतगणना
चुनाव आयोग के अनुसार सभी 42 केंद्रों पर अलग-अलग हॉल में वार्डों की मतगणना होगी। मतगणना केंद्र के आसपास सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए है। मतगणना केंद्रों में नियुक्त मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक, मतगणना माइक्रो आब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। दूसरी ओर मतगणना के दौरान व्यक्ति किसी भी प्रकार का शस्त्र और कोई भी घातक हथियार लेकर मतगणना केंद्र के अंदर नहीं ले जा सकेगा। माचिस, लाईटर, सिगरेट, ब्लेड, चाकू, तरल रसायन, मोबाइल फोन, वाकीटाकी, वायरलैस सैट, चाबियों का छल्ला, किसी प्रकार का इलैक्ट्रॉनिक सामान एवं सुरक्षा की दृष्टि से कोई भी आपत्तिजनक वस्तु या उपकरण मतगणना केंद्र के भीतर ले जाने पर पाबंदी रहेगी।
मतगणना स्थल पर किसी भी उपकरण को ले जाने की स्वीकृति नहीं
मतगणना केंद्रोें पर ऐसे किसी भी उपकरण को अंदर ले जाने की स्वीकृति नहीं होगी जिससे मतगणना प्रक्रिया की गोपनीयता भंग हो। चुनाव एजेंटों को जो टेबल अलॉट किए गए है, वे उसी टेबल पर रहेंगे, उन्हें मतगणना केंद्र में इधर-उधर घूमने की अनुमति नहीं होगी।