सीलिंग के मुद्दे पर भड़की AAP, भाजपा पर दागे ये 5 सवाल
आम आदमी पार्टी (आप) ने सीलिंग के मसले पर एक बार फिर भाजपा शासित एमसीडी को घेरा है। पार्टी ने 351 सड़कों के नोटीफाई करने में मसले में भाजपा पर सफेद झूठ बोलने का आरोप लगाया है।
पार्टी के मुताबिक, भाजपा शासित नगर निगम ने लिखित में जवाब दिया है कि जिन 351 सड़कों के नोटीफिकेशन का मामला लंबित है, उन पर कोई सीलिंग की कोई कार्रवाई नहीं हुयी। जबकि भाजपा नेता बार-बार दिल्ली सरकार पर सवाल उठाते हैं कि सरकार सड़कों को नोटीफाई नहीं कर रही है।
बजट सत्र शुरू होने से एक दिन पहले मीडिया से बात करते हुये आप प्रवक्ता दिलीप पांडेय ने कहा कि भाजपा नेतृत्व से जब भी सीलिंग पर सवाल किया गया तो वह 351 सड़कों को नोटिफाई करने का बेतुका मसला उछाल देते हैं। वहीं, सर्वदलीय बैठक से भी नेता भाग खड़े हुये।
दिलीप पांडेय के मुताबिक, तीनों नगर निगमों में यह सवाल पूछा गया कि कौन-कौन सी सड़क पर सीलिंग चल रही है तो निगम ने जोन के हिसाब से लिखित में जवाब दिया है कि संबंधित 351 सड़कों पर कोई प्रॉपर्टी सील नहीं हुयी है।
दिलीप पांडेय ने इस मसले पर भाजपा से सवाल पूछे हैं। साथ ही अपेक्षा जाहिर की है कि शुक्र्रवार को बजट सत्र के पहले दिन भाजपा विधायक इसका जवाब सदन में देंगे।
AAP के 5 सवाल
-क्या भाजपा के नेता व्यापारियों और दिल्ली की जनता से अपने झूठ पर माफी मांगेगे?
-भाजपा अब सीलिंग पर अपने किस झूठ की आड़ में चेहरा छुपाएगी?
-बीजेपी के सातों लोकसभा सांसद क्या व्यापारियों के साथ हैं?
-अगर हां, तो सीलिंग के मसले पर आप व कांग्रेस सांसदों के साथ खड़े होंगे?
-संसद में भाजपा के सांसदों ने अभी तक सीलिंग पर कोई सवाल किया है?
सौरभ भारद्वाज बोले, सदन में पहले दिन उठेगा सीलिंग का सवाल
आप के दिल्ली प्रदेश प्रवक्ता व विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली विधान सभा में शुक्रवार को सीलिंग का मसला पार्टी उठायेगी। इस मामले में पार्टी केंद्र सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी।
साथ ही सीलिंग रूकवाने के लिये केंद्र सरकार पर दबाव डाला जायेगा कि वह इस मसले पर अध्यादेश या संसद में विधेयक लेकर आये। सदन में इस मामले में संकल्प प्रस्ताव भी लाया जा सकता है।