लव-मैरिज का खौफनाक अंत: पति के जाने के बाद घर बुलाया दोस्त, अचानक पहुंचे युवक ने दोनों को साथ देख पत्नी को मार डाला
मृतका रश्मि बवाना स्थित एक फैक्टरी में काम करती थी, जबकि अनिल प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में काम करता था। रश्मि की फैक्टरी में काम करने वाले युवक बबलू से दोस्ती हो गई थी। इस बात को लेकर दंपती में झगड़ा होने लगा।
विस्तार
दिल्ली के केएन काटजू मार्ग इलाके में एक युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी हत्या करने के बाद दरवाजा बंद कर फरार हो गया। आरोपी के चचेरे भाई ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का एक युवक से संबंध है।
मृतका की शिनाख्त रश्मि (30) के रूप में हुई है। वह मूलत: ओडिशा की रहने वाली थी। रविवार दोपहर पुलिस को रश्मि की हत्या किए जाने की जानकारी अनिल के भाई सुनील ने दी। पूछताछ में पता चला कि छह साल पहले रश्मि का अनिल से प्रेम विवाह हुआ था। एक साल पहले अनिल अपनी पत्नी को लेकर दिल्ली आ गया था। वह अपनी पत्नी के साथ रोहिणी सेक्टर-16 में किराए के मकान में रहता था।
रश्मि बवाना स्थित एक फैक्टरी में काम करती थी, जबकि अनिल प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में काम करता था। रश्मि की फैक्टरी में काम करने वाले युवक बबलू से दोस्ती हो गई थी। इस बात को लेकर दंपती में झगड़ा होने लगा। सुनील ने पुलिस को बताया कि अनिल सारी बात उससे बताता था।
शनिवार को अनिल किसी काम से दिल्ली से बाहर गया था। रविवार को जब वह वापस आया तो बबलू को अपने घर में देखा, इस बात पर दंपती के बीच जमकर झगड़ा हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि अनिल ने अपनी पत्नी का गला घोंटकर उसकी जान ले ली। दोपहर में अनिल ने सुनील को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद सुनील ने पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।