पहले गला रेंतकर की हत्या और फिर गली में फेंक दी लाश
दिल्ली कैंट इलाके में शनिवार सुबह एक शख्स की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर के पास से बरामद हुआ। आशंका है कि रंजिश की वजह से उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, बाबूलाल (45) अपनी बहन संतोष व जीजा सिंहराम के साथ पुराना नांगल इलाके में रहता था। शनिवार सुबह संतोष के पड़ोसी मनमोहन ने बताया कि उसका भाई दूसरी गली में अचेत पड़ा है।
मौके पर पहुंची संतोष ने पाया कि उसके भाई का शरीर अकड़ा हुआ है। वह मनमोहन और एक अन्य पड़ोसी की मदद से उसे उठाकर अपने घर पर ले आई।
गले से निकल रहा था खून
जहां उन लोगों ने उसके गले से खून निकलता हुआ देखा। उसके गले को किसी धारदार हथियार से रेता गया था। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बाबूलाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पुलिस को पता चला कि बाबूलाल शराब पीने का आदी था।
पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि शराब पीने को लेकर हुए झगड़े के दौरान उसकी हत्या की गई है या फिर किसी रंजिश की वजह से उसकी हत्या कर शव को घर के पास फेंक दिया गया है। दिल्ली कैंट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।