रेव पार्टी में सिर्फ हाईप्रोफाइल लोगों को मिलती थी एंट्री, सिर्फ इन्हें दी जाती थी ड्रग्स की डोज
दिल्ली के एक फार्म हाउस में चल रही रेव पार्टी के सिलसिले में हुई धर-पकड़ के बाद कई चौंकाने वाली चीजें सामने आ रही हैं। आबकारी विभाग अधिकारियों की मानें तो रेव पार्टी में हाई प्रोफाइल परिवारों के बच्चे शामिल होते थे। पार्टी में शामिल होने के लिए मोटी रकम खर्च करनी पड़ती थी।
पार्टी में विदेशी शराब का एक पैग पांच हजार रुपये में दिया जाता था। वहीं ड्रग्स की एक डोज दस हजार में दी जाती थी। आयोजक किसी ग्राहक पर पूरा विश्वास होने या फिर परिचित को ही ड्रग्स की डोज देते थे। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी मॉर्फिन ड्रग्स कहां से और किस से लेते थे।
जानकारी के मुताबिक आरोपी पहले कैश जमा करा लेते थे और उसके बाद कूपन (बैंड जैसा) देते थे। बैंड के आधार पर ही ड्रग्स व शराब परोसी जाती थी। आबकारी अधिकारियों के अनुसार पुलिस टीमें जब पार्टी के अंदर गई तो आबकारी विभाग के एसीपी आलोक कुमार ने मुख्य आयोजक पुलकित रस्तोगी से पार्टी का लाइसेंस मांगा।
इस पर पुलकित ने पार्टी का लाइसेंस होने का दावा किया, हालांकि वह पुलिस अधिकारियों के मांगने पर लाइसेंस दिखा नहीं पाया। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने दावा किया है कि पार्टी के आयोजकों के पास पार्टी का कोई लाइसेंस नहीं है। पार्टी फ्रेंच डीजे परफॉर्मिंग इन दिल्ली के नाम से आयोजित की गई थी।
पुलकित की जेब से मिली थीं चरस और मॉर्फिन की गोलियां
पुलकित की जेब से 17 डार्क ब्राउन रंग की पॉलिथीन में लिपटी छोटी 17 गोलियां और बायीं जेब में एक प्लास्टिक पाउच में रखी गुलाबी रंग की 20 गोलियां बरामद की गईं।
ये गोलियां चरस व मॉर्फिन की बताई जा रही हैं। नारकोटिक्स की टीम को मौके पर बुलाया गया था और ड्रग्स की जांच की जांच की गई थी। दबिश के दौरान पुलकित ने बताया कि गौरव मावी की लैंड क्रूजर कार व उसकी होंडा सिटी कार बाहर खड़ी हैं।
लैंड क्रूजर से विदेशी व हरियाणा ब्रांड की शराब और 1.39 लाख नकद बरामद हुए। लैंड क्रूजर में मोहित बैसला, चिराग और आकाशदीप नागर बैठे हुए थे। इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं होंडा सिटी कार से विदेशी शराब की 12 बोतलें बरामद की गईं।