2 किलो बारूद से करीब आधा दर्जन जगहों पर करने थे धमाके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड से गिरफ्तार किए गए इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकी करीब दो किलो बारूद के साथ प्रदेश में आधा दर्जन जगहों पर तबाही फैलाना चाहते थे।
फिलहाल हरिद्वार समेत उत्तराखंड ही आईएस के अखलाकुर्र रहमान के निशाने पर था। ये खुलासा रहमान व उसके मोड्यूल के सदस्यों ने किया है।
आतंकी अर्द्ध कुंभ मेले व ट्रेन में बम धमाका कर भगदड़ मचाना चाहते थे जिससे ज्यादा से ज्यादा जानें जाएं। सांप्रदायिक दंगा भी भड़काना इनका मकसद था।
बारूद माचिस की तीलियों से निकाला गया है
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आतंकियों के कब्जे से करीब दो किलो बारूद बरामद किया गया है। कुछ वीडियो भी बरामद हुई हैं।
इसमें ज्यादातर बारूद माचिस की तीलियों से निकाला गया है। माचिस की करीब एक हजार से ज्यादा तीलियों से ये बारूद निकाला गया है। रहमान ने बताया है कि सीरिया में उसकी आईएस के आका से फेसबुक पर बात होती थी।
आका ने उसे कहा था कि वह बम धमाकों के लिए छत्तीसगढ़ से विस्फोटक मंगाने का प्रयास कर रहा है। जब छत्तीसगढ़ से विस्फोटक नहीं मिला तो आका ने उसे माचिस के बारूद से बम तैयार करने को कहा।
पेट्रोल बम तैयार कर धमाका करने की भी तैयारी
आका ने उससे ये भी कहा कि अगर माचिस से बम तैयार नहीं होता है, तो वह पेट्रोल बम तैयार कर धमाका करे। रहमान को उत्तराखंड में स्थानीय स्तर पर करीब आधा दर्जन जगहों पर धमाके करने के लिए कहा गया था।
रहमान मोड्यूल को ये भी कहा गया था कि अगर वह बम धमाका करने में सफल नहीं हो पाते हैं तो भीड़भाड़ वाली जगहों पर फायरिंग करें। इससे भगदड़ मचेगी और जान का ज्यादा नुकसान होगा।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार रहमान मोड्यूल का तो पर्दाफाश हो गया है, लेकिन आईएस का ये नेटवर्क काफी बड़ा है। इस मोड्यूल से एक दूसरा मोड्यूल जुड़ा हुआ है। दोनों मोड्यूल में करीब आठ से दस सदस्य हैं। ये आईएस के खतरनाक आतंकी बन चुके हैं।